उरई। पुखरायां के पास ट्रेन दुर्घटना में मरने वाले यात्रियों में जिले की भी एक दम्पत्ति शामिल हैं। इसके अलावा उरई में अपने मायके से लौट रही महिला के बिहार निवासी पति भी इस हादसे में कालकवलित हो गये।
नदीगांव थाने के कन्हरपुरा निवासी शिववीर सिंह इंदौर में आयकर अधिकारी हैं वे अपनी पत्नी अनिला सिंह के साथ हादसे के दिन कानपुर में एक रिश्तेदारी में हो रही शादी में शामिल होने इंदौर-पटना एक्सपे्रस से जा रहे थे। ट्रेन पुखरायां के पास दुर्घटना ग्रस्त हो गई जिसमें अभी तक लगभग 150 लोगों के मारे जाने की सूचना आ चुकी है। अनिला सिंह का शव रात में ही बरामद हो गया था लेकिन शिववीर सिंह का पता नही चल पा रहा था जिससे यहां उनके परिवार के लोग उनके जिंदा बच जाने की उम्मीदें संजोये हुए थे। पर आज जब उनका शव भी बोगी में से निकाल लिया गया तो उनके परिजनों की उम्मीद पूरी तरह टूट गई और उनमें हाहाकार मच गया। शिववीर सिंह का मकान शहर के राजेंद्र नगर मोहल्ले में भी है। जहां आज दोनों के शव पहुंचे तो हृदय विदारक चीखों से माहौल भर उठा।
सनातन धर्म इंटर काॅलेज में शिक्षक मुकेश शर्मा की बहन अरुणा का विवाह बिहार के बेगूसरांय में हुआ था। उसके पति बिहार पुलिस में इंस्पेक्टर थे। अरुणा हाल में मायके में आई हुई थीं और शनिवार की रात पटना-इंदौर एक्सपे्रस से वापस जा रहीं थीं। इसी दौरान हुए हादसे में अरुणा और उनके पति भी ट्रेन के अंदर फंस गये। जिसमें अरुणा तो बच गईं लेकिन उनके पति की जान चली गई। इस घटना से न केवल अरुणा के पीहर वाले बल्कि उनके नया पटेल नगर स्थित पूरे मोहल्ले में मातम छा गया है।







Leave a comment