उरई। भारतीय जनता पार्टी के सांसद भानुप्रताप वर्मा के गोद लिए गांव हरदोई गूजर में ग्रामीण बैंक की शाखा से रुपये न मिलने से नाराज लोगों ने पीएम मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जाम लगा दिया। काफी देर तक उरई-कोंच मार्ग पर इसकी वजह से यातायात ठप्प रहा और लोग परेशान होते रहे।
काले धन को बाहर निकालने के नाम पर की गई नोट बंदी की उथल-पुथल के भूचाल से मची अफरा-तफरी थमने का नाम नही ले रही। इस खिलवाड़ से संभावित परेशानी से लोगों के बचाव के लिए कोई तैयारी न होने के दुखदाई नतीजे सामने आ रहे हैं। खासतौर से ग्रामीण बैंकों में नोट पहुंचाने का इंतजाम सरकार नही कर पा रही जिससे हर रोज कहीं न कहीं परेशान पब्लिक जाम लगाकर अपना गुस्सा जाहिर कर रही है। सांसद भानुप्रताप वर्मा का गोद लिया गांव भी सरकार विरोधी ज्वाला की आंच से अछूता नही रह पाया।
हरदोई गूजर में जाम की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक लोगों को समझाने की मशक्कत की तब कहीं जाकर स्थिति सामान्य हो पाई। एक पुलिस अधिकारी का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से उनका पूरा दिन नोट बंदी से त्रस्त लोगों को थामने मे जाया हो रहा है जिससे पुलिस का मूल कार्य पूरी तरह ठप्प हो चुका है।






Leave a comment