cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngजालौन-उरई। बेटी की शादी के लिए रूपए निकालने आए किसान को पैन कार्ड न होने के कारण भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों ने खाली हाथ लौटाया। मायूस किसान ने उपजिलाधिकारी से बैंक में जमा उसके रूपए निकलवाए जाने की गुहार लगाई।
तहसील क्षेत्र के ग्राम शेखपुर बुजुर्ग निवासी श्रीमती तारा देवी पत्नी पंचम सिंह राजावत ने उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव को बताया कि वह किसान है और उसका भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। जिसमें उसने बेटी की शादी के लिए रूपए जोड़कर रखे थे। प्रधामंत्री द्वारा शादी वाले परिवारों को ढाई लाख रूपए की निकासी की घोषणा किए जाने के बाद आज जब वह बेटी की शादी के लिए ढाई लाख रूपए निकालने बैंक पहुंची तो बैंक के कर्मचारियों ने कहा कि उसका पैन कार्ड नहीं है इसलिए वह बेटी की शादी की लिए रूपए नहीं निकाल सकती है। यह कहते हुए उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े कि उसने जैसे तैसे एक एक रूपया जोड़कर इसी आशा से बैंक में जमा किए थे कि बेटी की शादी में काम में आऐंगे। लेकिन उसे बेटी की शादी के लिए ही अपने ही जमा रूपए बैंक से नहीं मिल रहे हैं। अब वह शादी के खर्चों को कैसे पूरा करेगी। पीड़िता की समस्या को सुनकर उपजिलाधिकारी ने तुरंत दूरभाष पर बैंक मैनेजर अंबरीश शर्मा से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक की गाइड लाइन के अनुसार वह सिर्फ उन्हीं खाताधारकों को ढाई लाख की निकासी कर सकते हैं जिनके पास पैन कार्ड हैं।

Leave a comment