जालौन-उरई। किसानों व व्यापारियों की समस्याओं को लेकर स्टेट बैंक के एजीएम ने मंडी कार्यालय में गल्ला व्यापारियों के साथ बैठक की। वहीं, शादी वाले परिवारों को ढाई लाख की निकासी के लिए उन्होंने कहा कि यदि परिजन पूरे कागजात लेकर आते हैं, तो उन्हें ढाई लाख रूपए की निकासी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को भी सभी निर्देश बैंक के बाहर चस्पा किए जाने के निर्देश दिए।
भारतीय स्टेट बैंक के एजीएम ने किसानों व व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के लिए मंडी कार्यालय में गल्ला व्यापारी व किसानों के साथ एक बैठक की। जिसमें गल्ला व्यापार संघ के महामंत्री प्रेमदास गुप्ता ने बताया कि बैंक से रूपयों की निकासी न होने के कारण वह किसानों को भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। जिसके चलते मंडी का व्यापार ठप्प पड़ा है। इसके साथ ही अन्य व्यापारियों ने भी गल्ला व्यापारियों को प्रतिदिन दो लाख रूपए का भुगतान किए जाने की अनुमति दिए जाने की बात कही। जिस पर उन्होंने उनकी बात को रिजर्व बैंक तक पहुंचाए जाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही व्यापारियों द्वारा बड़ी मात्रा में नगदी जमा करने वाले ग्राहकों के लिए लाइन से हटकर अलग काउंटर खुलवाए जाने की मांग की। क्योंकि नगदी लेकर लाइन में खड़े होने से उनके साथ कोई घटना घटित होने की संभावना बनी रहती है। जिस पर एजीएम ने शाखा प्रबंधक अंबरीश शर्मा को ढाई लाख से ऊपर नगदी जमा करने वाले ग्राहकों के लिए अलग काउंटर खोले जाने के निर्देश दिए। तो वहीं जब कुछ लोगों ने बताया कि बैंक में शादी वाले परिवारों को ढाई लाख रूपए की निकासी नहीं की जा रही है। तो उन्होंने कहा कि शादी वाले परिवारों को के लिए जरूरी है कि उसके यहां शादी 30 दिसंबर से पूर्व हो। उनके खाते में केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण हो। परिवार में यदि किसी को एडवांस पेमेंट की हो तो उसकी रसीद जैसे मैरिज हाॅल की बुकिंग की रसीद आदि लगाऐं। इसके अलावा हलवाई, किराना आदि का स्टेटमंेट बनाकर दें। उनका रूपया बैंक में 8 नबंवर से पहले जमा होना चाहिए। यदि किसी के पास यह सारे दस्तावेज मौजूद हैं, तो वह बैंक में आकर एक सर्टिफिकेट भरकर जमा करे, उसे ढाई लाख रूपए की निकासी कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने शाखा प्रबंधक को भी सभी दस्तावेजों की सूची बैंक के बाहर चस्पा किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव, मंडी सचिव ऋषभ जैन, शाखा प्रबंधक अंबरीश शर्मा, गल्ला व्यापारी प्रेमदास गुप्ता उर्फ भूरे मामा आदि उपस्थित रहे।






Leave a comment