कोंच-उरई। शिक्षा की बदहाल व्यवस्था में किस तरह से सुधार किये जा सकते हैं और लोग किस प्रकार जागरूक हो सकते हैं इसके लिये पुअरेस्ट एरिया सिविल सोसाइटी प्रोग्राम (पैक्स) ब्रिटेन सरकार के अंतर्राष्ट्रीय विभाग डिपार्टमेंट फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट ने एक अभियान शुरू किया है जो सामाजिक संगठनों की सहभागिता के माध्यम से संचालित हैं। इसी अभियान के तहत यहां बीहड़ एरिया में काम करने वाली संस्था समर्पण जन कल्याण समिति को पावर्ड किया गया है और संस्था दौड़ेगा यूपी बेहतर शिक्षा के लिये के नारे के साथ आगामी 11 दिसंबर को मैराथन दौड़ का आयोजन करने जा रही है।
इस आयोजन के लिये समर्पण की प्रोग्राम मैनेजर शिवानी श्रीवास्तव ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान बताया है कि 11 दिसंबर को 2 किमी लंबी दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। यह मैराथन एक साथ 12 जिलों में आयोजित की जा रही है जिसमें जनपद जालौन को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में प्रतिभागी विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं आम जन होंगे। इस आयोजन को सुविधाजनक बनाने में सरकारी अधिकारियों, मीडियाकर्मियों और कंपनियों के हितधारकों की महत्वपूर्ण संख्या तक पहुंच बनाना अपेक्षित है। यह विभिन्न हितधारकों के लिये समावेशी शिक्षा के प्रसार हेतु एक साथ आने के लिये एक महत्वपूर्ण मंच है। इसे सफल बनाने और संस्था के प्रयासों को मजबूत करने के लिये पैक्स और अभियान के सभी साथी राज्य के भीतर समावेशी शिक्षा की दिशा में हो रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिये प्रतिभाग करने के इच्छुक लोगों का संस्था ने आह्वान किया है। गौरतलब है कि यह संस्था इलाके के बीहड़ों में अपने कई प्रोग्राम चला रही है जिसका लाभ ग्रामीणों खासतौर पर महिलाओं को मिल रहा है। संस्था ने अपने निजी संसाधनों से धुर बीहड़ गांव सलैया बुजुर्ग में बच्चों को शिक्षित करने की एक मुहिम के तहत स्कूल खोला है जिसमें निःशुल्क शिक्षा संस्था द्वारा बच्चों को दी जा रही है और इस काम में नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान माई होम, मदर्स प्राइड, एसएन गुप्ता पब्लिक स्कूल आदि भी किताबों व स्टेशनरी आदि के द्वारा सहयोग कर रहे हैं। इस दौरान संस्था की अंशिका भी मौजूद रहीं।






Leave a comment