उरई। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव के पहले बसपा छोड़कर पार्टी में शामिल हुए पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी को आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। बृजलाल खाबरी को बसपा सुप्रीमों मायावती के समानान्तर दलित नेता के रूप में प्रोजेक्ट करने की रणनीति पर काम कर रही कांग्रेस की इस ट्रंप चाल से बसपा खेमें में अंदरूनी हड़कंप मच गया है।
बसपा में मायावती के बाद सबसे बड़े दलित नेता के रूप में जगह बना चुके बृजलाल खाबरी पर कांग्रेस ने दूरगामी मकसद के तहत डोरे डालकर पिछले महीने जब पार्टी में शामिल किया था तभी जाहिर हो गया था कि दलित जनाधार की वापसी के लिए छटपटा रही यह पार्टी उन्हें केंद्र बिंदु बनाकर बड़ा खेल करने का तानाबाना बुन चुकी है। अब इसी के अनुरूप कांग्रेस के कदम सामने आने लगे हैं।
कांग्रेस ने अब एक बड़ा धमाका करते हुए बृजलाल खाबरी को राष्ट्रीय स्तर के दलित नेता के उनके कदम के अनुरूप उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एससी विभाग में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से नवाज डाला है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के हवाले से जारी नियुक्ति पत्र में इसकी जानकारी दी। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि एससी विभाग में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के बतौर यह किसी की पहली नियुक्ति है। एससी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की हैसियत में खाबरी सीडब्ल्यूसी के आमंत्रित सदस्य भी बन गये हैं।
कांग्रेस हाईकमान ने इस नियुक्ति के माध्यम् से खाबरी के प्रति जो रुख झलकाया है। उससे अंदाजा हो रहा है कि उत्तर प्रदेश में दलित बाहुल्य क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्र के चुनाव के दौरान पार्टी उनका इस्तेमाल स्टार प्रचारक के बतौर करेगी। इस संकेत से सबसे ज्यादा खलबली बहुजन समाज पार्टी में मची है। बसपा का हाईकमान खाबरी के जरिये कांगे्रस द्वारा उसके दलित जनाधार में कारगर सेंध लगाये जाने की आशंका से सहमी नजर आ रही है। लोगों को इंतजार है कि बहुजन समाज पार्टी द्वारा खाबरी की काट के लिए आने वाले दिनों में कौन सा पैंतरा दिखाया जाने वाला है।







Leave a comment