0 मामला कोंच-उरई रोड निर्माण को लेकर किये गये दावों का
कोंच-उरई। जिले की सबसे खराब सड़कों में शुमार कोंच-उरई रोड निर्माण को लेकर सत्तादल के नेताओं के दावे और वायदे एक बार फिर कोरी गप साबित हुये। लगभग पचावाड़ा भर पूर्व यहां मंच सजा कर इन सत्ताधारियों ने न केवल एकाध दिन में रोड के निर्माण का कार्य शुरू होने का दावा किया था बल्कि जनता की ओर से मालायें भी पहनी थीं और सीएम को धन्यवाद भी ज्ञापित करवाया था। इतना ही नहीं, अपनी बात पुख्ता कराने के लिये यह नेता लोनिवि के अभियंता और ठेकेदार के प्रतिनिधि को भी अपने साथ लाये थे जिन्होंने इनके सुर में सुर मिला कर कहा था कि एकाध दिन में उरई और कोंच दोनों तरफ से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा। आज पूरा पखवाड़ा गुजर जाने के बाद भी काम शुरू होने के कोई निशान तक नहीं नजर आ रहे हैं।
कोंच-उरई रोड निर्माण को लेकर पिछले कमोवेश एक साल से सत्तादल के नेता यहां की जनता को झूठे आश्वासन देते आ रहे हैं कि रोड स्वीकृत हो गया है और बस अब काम शुरू कि तब काम शुरू। स्वीकृत बजट को लेकर भी हमेशा ऊलजलूल बयानबाजी होती रही है लेकिन हर बार इनका झूठ झूठ बन कर ही सामने नजर आया। गुजरी 11 नवंबर को यहां कुंवर पैलेस विवाह घर में एक धन्यवाद ज्ञापन समारोह इन सत्ताधारियों द्वारा आयोजित किया गया था जिसमें पुख्ता तौर पर कहा गया था कि एकाध दिन में ही कोंच-उरई की बदहाल सड़क के निर्माण का काम कोंच और उरई दोनों तरफ से भी शुरू हो जायेगा। सपा के जनप्रतिनिधियों उरई सदर विधायक दयाशंकर वर्मा तथा एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने कहा था कि यहां के लोगों की भावनाओं को दृष्टिड्ढगत रखते हुये उन्होंने कोंच-उरई रोड निर्माण का प्रस्ताव सबसे पहले शासन में भेजा था जो स्वीकृत हो गया और टोकन मनी का आवंटन भी हो चुका है। उन्होंने कहा था कि सड़क निर्माण का कार्य उरई से शुरू करा दिया गया है और यहां के लोगों की मांग को देखते हुये एकाध दिन में कोंच से निर्माण कार्य प्रारंभ हो जायेगा। वहां मौजूद जेई पीडब्ल्यूडी इंदलसिंह और ठेकेदार के प्रतिनिधि राजीव गुप्ता ने भी हामी भरी कि कोंच से भी काम लगाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों की अगर मानें तो पूरी अट्ठाइस किमी की सड़क में कहीं भी ऐसा नहीं दिख रहा है जिसे निर्माण कार्य शुरू होने की संज्ञा दी जा सके।
पकड़ा गया है सत्ताधारियों का झूठ-राघवेन्द्र
कोंच-उरई की बदहाल रोड के निर्माण को लेकर सपा नेताओं द्वारा बार बार दिये गये बयानों और उन बयानों के धरातल पर नहीं उतरने से खफा पालिका सभासद राघवेन्द्र तिवारी ने दो टूक कहा है कि सत्ताधारियों का झूठ अब चलने बाला कतई नहीं है। विस चुनाव नजदीक देख इन नेताओं में सिर्फ मालायें पहने और श्रेय लेने की होड़ लगी है लेकिन जनता है, ये सब कुछ समझ सकती है कि झूठ के पांव नहीं होते हैं और ये नेता भी उसे ज्यादा दिनों तक बेबकूफ नहीं बना सकते।
शासन में नहीं सुनी जाती इन नेताओं की-रावत
जर्जर सड़क के दिन बहुरने की आस लगाये बैठी जनता एक बार सत्ताधीशों के बयालों के छलावे में आ गई और सीएम को धन्यवाद तक ज्ञापित कर दिया लेकिन सड़क निर्माण का कहीं ओर छोर नहीं नजर आने के बाद एक बात बिल्कुल साफ हो गई है कि ये नेता यहां जनता के सामने कुछ भी डींगें हांकते रहें लेकिन शासन में इनकी सुनी नहीं जाती है वरना विकास का ढिढोरा पीटने बाली सरकार को यहां की भी बदहाल तस्वीर तो दिख ही जाती।






Leave a comment