कालपी, उरई : पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए हाईवे पार कर रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया।
शुक्रवार सुबह जयराम पुत्र छोटेलाल (48) निवासी रायढ़ दिवारा अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए गल्ला मंडी के आगे पंप पर जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पार करने लगा तभी जोल्हूपुर मोड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार काफी दूर तक बोलेरो में घिसटता हुआ चला गया। बोलेरो का टायर भी फट गया। आसपास के लोग व राहगीर मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार को देखा तो वह मर चुका था। फिर भी उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक बोलेरो को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है।







Leave a comment