konch4कोंच-उरई। केन्द्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिन पात्र गृहस्थियों का चयन इस योजना में किया गया था उनके घरों पर जाकर तहसील कर्मी राशन कार्ड बांटने में लग गये हैं। शनिवार को भगत सिंह नगर इलाके में अमीन अतुल शर्मा ने घर घर जाकर राशन कार्डों का वितरण किया। राशन कार्ड पाकर उपभोक्ता खुश हो गये क्योंकि इस योजना में फैला रायता अभी भी सिमट नहीं पाया है और लोगों को आपूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाने के लिये मजबूर होना पड़ रहा है।
खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र गृहस्थियों के चयन में आईं भारी गड़बडियों के बीच अच्छी खबर यह है कि जो उपभोक्ता ऑन लाइन पंजीकृत हैं उनके राशन कार्ड आ गये हैं और फिलहाल छंटनी का काम जारी है। इसी बीच नगरीय इलाके में जिन मोहल्लों के कार्ड छांट लिये गये हैं वे अमीनों और पालिका कर्मियों के सुपुर्द किये गये हैं। इन कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं कि वे घर घर जाकर ही इन कार्डों का वितरण सुनिश्चित करें, कोटेदारों के हाथ ये कार्ड कतई नहीं लगने चाहिये। शनिवार को अमीन अतुल शर्मा अपने आवंटित वार्ड भगतसिंह नगर में कार्ड बांटते देखे गये और सुखद पहलू यह है कि जिन पात्र गृहस्थियों के घरों में ये कार्ड पहुंच रहे हैं उनके चेहरों पर प्रसन्नता के भाव साफ देखे जा रहे हैं क्योंकि आपूर्ति कार्यालय और तहसील दिवसों के चक्कर लगाते लगाते ये लोग थक चुके हैं। जिन महिलाओं टीकादेवी, फूलारानी, सगुना, मूर्ति, संगीता, राधा, सुधा आदि को राशन कार्ड मिले उन्होंने कहा कि ये काम ठीक हुआ है, अब कोटेदार उन्हें राशन देने से मना नहीं कर सकेगा। कार्डों की वितरण व्यवस्था को लेकर आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप का कहना है कि पात्र गृहस्थियों के अलावा अंत्योदय के कार्ड भी उन्हें प्राप्त हुये हैं और फिलहाल उनकी छंटाई का काम चल रहा है क्योंकि अन्य तहसीलों के भी कार्ड इनमें आ गये हैं जिन्हें अलग किया जा रहा है।

Leave a comment