0 बोले कांग्रेस नगर अध्यक्ष, नोटबंदी के साइड इफैक्ट भुगत रही है जनता
कोंच-उरई। गुजरी 8 नवंबर से देश में हुई नोटबंदी से परेशान आम जनता की तरफदारी में उतरते हुये शनिवार को कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुये कहा कि बिना होमवर्क किये जिस तरह हिटलरशाही तरीके से पीएम मोदी ने हजार पांच सौ के नोट पाबंद किये हैं उससे जनता की तकलीफें बेसाख्ता बढी हैं और इस नोटबंदी के साइड इफैक्ट आम जन जीवन पर साफ नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम ने कहा कि लोग सब्जी भाजी लेने तक को तरस गये हैं। आम भारतीय अपनी खून पसीने की गाढी कमाई बैंकों में पुराने नोटों की शक्ल में जमा कराने के बाद अब अपने ही पैसे निकालने के लिये पुलिस की लाठियां खाने को मजबूर हैं।
नोटबंदी के खिलाफ रौ में आते हुये कांग्रेस की नगर इकाई ने शनिवार को तहसील में प्रदर्शन करते हुये केन्द्र सरकार के फैसले को जमकर कोसा, कहा कि ये वक्त किसानों की बुबाई का है मगर नोटबंदी के कारण वह खाद और बीज खरीदने के लिये मारा-मारा फिर रहा है। सरकार के फरमान भी किसानों की मुश्किलों को दूर कर पाने में विफल साबित हो रहे हैं क्योंकि समितियां पुराने नोट लेने को राजी नहीं हैं और नये नोट अब उनके पास हैं नहीं। इसके अलावा रोजमर्रा की सौदा सुलफ में भी आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शादियों के लिये ढाई लाख रुपये देने के सरकारी फरमान के बाबजूद भी किसी की औकात नहीं है कि बैंकों से पैसा ले ले क्योंकि इसके नियम कायदे इतने जटिल बना दिये गये हैं कि उन्हें कोई पूरा कर ही नहीं सकता है। गुस्साये कांग्रेसियों ने इलाज के अभाव में दम तोड़ती जिंदगियों का हवाला देते हुये कहा कि नोट नहीं होने की स्थिति में अस्पताल उन्हें इलाज देने से हाथ खड़े कर रहे हैं। बैंक शाखाओं में रुपयों की निकासी के लिये कतारों में लगी जनता पर पुलिस बर्बरतापूर्वक लाठियां भांज रही है जिससे कतारों में लगे बुजुर्गों, महिलाओं और नादान किशोरों में व्यवस्था के खिलाफ जबर्दस्त रोष है। दिहाड़ी पर काम करने वाले मजदूरों के परिवार भुखमरी के कगार पर हैं। अगर इन समस्याओं के समाधान का मुफीद रास्ता जल्दी ही न खोजा गया तो हालात बद से बदतर हो जायेंगे। कांग्रेसियों ने बाद में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, प्रियाशरण नगाइच, श्रीनारायण दीक्षित, ओमप्रकाश कौशिक, अजय बरार, नवलकिशोर जाटव, राकेश कुशवाहा, नरेश दीक्षित, हाजी सेठ नसरुल्ला, हाजी मोहम्मद अहमद, रामकिशोर पुरोहित, धर्मेन्द्र गोस्वामी, अखिल वैद, काजी जाहिद, रामनरेश, मंगलसिंह, कप्तान सिंह यादव आदि मौजूद रहे।






Leave a comment