
उरई। 2017 के यूपी विधान सभा के चुनाव में कालपी क्षेत्र से उर्विजा दीक्षित भाजपा की टिकट की सबसे सशक्त दावेदार बनकर उभरी हैं। इस बीच भाजपा के महिला मोर्चा में उर्विजा प्रदेश मंत्री का दायित्व संभालते हुए तेज-तर्रार कार्यशैली से पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक को प्रभावित कर चुकीं हैं। जालौन टाइम्स ने उनसे खास बातचीत की जिसमें उर्विजा ने यह कहकर चैंका दिया कि पार्टी टिकट में उन्हें वरीयता न दे। पूरा इंटरव्यू पढ़कर जानिये कि उर्विजा की कालपी क्षेत्र को लेकर आखिर क्या है मंशा।
प्रश्न-आप एक महिला हैं। आपने राजनीति को क्यों चुना। आपको इसकी पे्ररणा कैसे मिली?
उत्तर-पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनैतिक होने की वजह से इस और स्वाभाविक झुकाव रहा। विद्यार्थी जीवन के दिनों से ही सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेती रही हूं। पिता के देहावसान के बाद उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो गईं।
प्रश्न-बीजेपी से आप किस विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहती हैं और क्यों?
उत्तर-मैंने 220 कालपी विधानसभा से प्रत्याशिता की है। कालपी क्षेत्र मेरे पिता की जन्मभूमि रही है। इस क्षेत्र से मुझे बचपन से ही लगाव है।
प्रश्न-क्या भाजपा में महिलाओं का टिकट में आरक्षण होगा?
उत्तर-भाजपा में हमेशा से ही महिलाओं को बढ़ावा दिया जाता रहा है। इस बार भी पार्टी ज्यादा से ज्यादा सक्षम महिलाओं को उम्मीदवार बनायेगी।
प्रश्न-जनपद की सभी सीटों पर बहुत लोग भाजपा से टिकट मांग रहे हैं। आपकी पार्टी आपको प्राथमिकता क्यों दे?
उत्तर-मैं बिल्कुल नही कहती कि पार्टी मुझे वरीयता दे। पार्टी हमेशा जनता की आवाज को प्राथमिकता देती है।अगर जनता की अपेक्षाओं पर मैं अपने को खरा साबित कर पाती हूँ तो पार्टी मुझे भी सेवा का अवसर प्रदान कर सकती है ।
प्रश्न-उत्तर प्रदेश सरकार कहती है कि प्रदेश में चारों तरफ विकास कार्य कराये गये हैं। आपकी नजर में जनपद में किसी क्षेत्र में विकास हुआ है क्या।
उत्तर-सपा सरकार ने जनपद में क्या विकास कार्य कराया। इसका ज्यादा अच्छा जबाव जनपद की जनता आपको चुनाव में बता देगी।
प्रश्न-आपकी नजर में जनपद में किस संगठन से आपकी लड़ाई है। आपके संगठन को जनपद में कितनी विधानसभा सीटें मिलने की उम्मीद है?
उत्तर-जनपद की तीनों सीटों पर भाजपा की भारी जीत होगी। हर दल की लड़ाई भाजपा से ही है।
प्रश्न-आप अगर विधायक बन गईं तो जनपद के युवा बेरोजगारों के लिए क्या कदम उठायेंगीं?
उत्तर-जनपद में बंद पड़े कई उद्योगों को फिर से शुरू कराऊंगी। कालपी के कागज उद्योग को बढ़ावा दूंगी। पर्यटन स्थलों को सहायता दिलाकर पर्यटन उद्योग को आगे बढ़ाने का प्रयत्न करूगीं।
प्रश्न-नोट बंदी से लोग परेशान हो रहे हैं, आम आदमी दुखी है इस बारे में आपका क्या कहना है?
उत्तर-ऐसा नही है। प्रधानमंत्री जी का कदम ऐतिहासिक है। नोट बंदी से काला धन रखने वालों पर नकेल कस सकेगी। थोड़ी बहुत दिक्कत के बाद आम गरीब जनता को बहुत लाभ होगा।
प्रश्न-आप एक महिला हैं। जालौन टाइम्स के माध्यम् से महिलाओं को क्या संदेश देंगी?
उत्तर-हम महिलाएं ही मिलकर अपने आत्मविश्वास से अपने परिवार और जिले का विकास कर सकते हैं।
और अंत में …………..
प्रश्न-संगठन ने अगर टिकट नही दिया तो क्या रणनीति होगी?
उत्तर-टिकट मेरी प्राथमिकता नही है। दुगने उत्साह और निष्ठा से पार्टी की सेवा करती रहूंगी।






Leave a comment