कोंच-उरई। बीते कल यहां भगतसिंह नगर इलाके में अपने बेटे को कतिपय दबंगों की पिटाई से बचाने बीच में आई सपा नेत्री के साथ हमलावरों ने छेड़छाड़ कर दी। नेत्री ने मामले की शिकायत एसडीएम से की है जिस पर उन्होंने कोंच कोतवाल को जांच के आदेश कर कार्यवाही के निर्देश दिये हैं।
सपा महिला प्रकोष्ठ की पूर्व नगर अध्यक्ष शबाना बेगम पत्नी यासीन निवासी भगतसिंह नगर ने एसडीएम मोईन उल इस्लाम को शिकायती पत्र देते हुये बताया कि देर शाम तकरीबन 7 बजे वह अपने बेटे राजा के साथ घर में थी तभी बन्ने, नौशाद, टिल्लू पठान व अकबर पुत्र सुल्तान निवासीगण भगतसिंह नगर धड़धड़ाते हुये घर के अंदर घुस आये और अकारण ही राजा के साथ मारपीट करने लगे, साथ में भद्दी भद्दी गालियां भी बक रहे थे। जब उसने बेटे की पिटाई का विरोध किया तो हमलावरों ने उसके साथ भी पिटाई की और छेड़छाड़ की। कुछ देर बाद मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने आकर उन्हें बचाया। हमलावर उसका मंगलसूत्र भी छीन ले गये तथा उसका मोबाइल भी तोड़ गये। उसने बताया कि इस घटना की सूचना कोतवाली में दी थी लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई जिसके कारण उसे एसडीएम के यहां आना पड़ा। उसने यह भी बताया कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं और उसके तथा उसके बेटे के खिलाफ झूठा मुकदमा लिखाने की फिराक में हैं।





Leave a comment