उरई। विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी कवायद के बीच डीएम संदीप कौर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक की जिसमें उन्होंने बैंकों सहित सभी विभागों से अपने कर्मचारियों का डाटा नेट पर दिये गये साॅफ्टवेयर में डाउनलोड कर देने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके बाद इन कर्मचारियों की निर्वाचन डयूटी की नामवार लिस्ट बनाई जा सकेगी।
इसके साथ ही दो मतदान केंद्रों को भवन जर्जर होने के कारण बदल दिया गया है। यह दोनों ही केंद्र कालपी तहसील क्षेत्र में हैं। एक मतदान केंद्र जरारा खुर्द में बदला गया है जो नवीन ग्राम पंचायत सचिवालय में था यह मतदान केंद्र अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित किया जायेगा। इसके साथ ही कालपी के मोहल्ला रामचबूतरा के परिषदीय स्कूल के एक बूथ को भी सेफ साइड करने के लिए दूसरे कक्ष में स्थानांतरित कर दिया गया है।
डीएम ने बताया कि उम्मीदवारी का पर्चा भरने वालों की फोटो भी अब नामांकन पत्र पर चस्पा होगी। निर्वाचन आयोग ने यह भी निर्देश जारी किये है कि नामांकन पत्र स्वीकार करते समय प्रत्याशी से नागरिकता पर शपथ पत्र भी लिया जाये। इसमें प्रत्याशी को शपथ पूर्वक उदघोषणा करनी होगी कि वह भारत का ही नागरिक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, एसडीएम सदर आलोक यादव सहित सभी एसडीएम, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू, प्रशिक्षु आईएएस अक्षय त्रिपाठी, अग्रणी बैंक प्रबंधक पुलक राय, अन्य बैंक अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी व सभी संबंधित अन्य अधिकारी और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चैधरी, बसपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि और सपा नेता महेश द्विवेदी सर भी मौजूद थे।





Leave a comment