उरई। कस्बा आटा स्थित स्टेट बैंक की शाखा में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगा दी जिससे हड़कंप मच गया। भीतर घुसे चोरों ने चेस्ट तक पहुंचने की कोशिश भी की लेकिन इसमें वे कामयाब नही हो पाये अन्यथा बड़ी चोरी हो सकती थी।
आटा में स्टेट बैंक की शाखा के पिछवाड़े रेल लाइन है। जिसके कारण ट्रेन गुजरने पर गड़गड़ाहट में पीछे से कोई कुछ करे तो उसकी आहट सुनाई नही दे सकती। उस पर तुर्रा यह है कि बैंक के सीसीटीवी कैमरे रात में काम नही कर रहे थे। जबकि रात के लिए गार्ड की डयूटी व्यवस्था आलरेडी नही है।
चोरों को शायद बैंक की स्थिति अच्छी तरह मालूम थी। इसलिए उन्होंने बैंक को निशाना बनाने का दुस्साहस किया। चोरों ने दो मंजिला बैंक भवन के ऊपरी फ्लोर पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने बोरे में भरे कलदारों को सबसे पहले बटोरा। बैंक मैनेजर अरविंद दीक्षित ने बताया कि बोरे में 87 हजार 690 रुपये मूल्य के 10-10 के सिक्के थे जिसमें से 17 हजार 210 रुपये के सिक्के उन्होंने बैंक में ही छोड़ दिये। इस तरह लगभग 70 हजार के सिक्के उन्होंने पार किये। नगदी की तलाश में चोरों ने बैंक की चेस्ट तक पहुंचने के लिए उसके लोहे के गेट को तोड़ने की काफी जददोजहद की। जिसके निशान साफ देखे जा सकते थे। लेकिन चोरों की मेहनत सफल नही हो पाई। ऐसा लगता है कि उन्हें इस काम में इतनी मशक्कत करनी पड़ी कि सबेरा हो गया होगा जिससे कैश का मोह छोड़कर भागते भूत के लिए लगोटी ही भली की तर्ज पर वे सिर्फ कलदार लेकर चले गये जो बैंक के स्थानीय प्रबंधन के लिए काफी राहत दायक रहा।
बैंक मैनेजर सुबह जब डयूटी पर पहुंचे तब उन्हें इस चोरी का पता चला। उन्होंने थाने में सूचना दी तो पुलिस सकते में आ गई। कालपी के सीओ सुबोध गौतम और आटा एसओ विनोद मिश्रा मौके पर पहुंचकर आसपास काफी देर तक लोगों से बात करते रहे तांकि चोरों के बारे में कोई सुराग मिल सके। लेकिन फिलहाल वे इसमें कुछ हासिल नही कर पाये हैं।







Leave a comment