कोंच-उरई। ग्रामीणों को कानूनी जानकारियां देने के उद्देश्य से ग्राम तूमरा के प्राथमिक विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन विजय कुमार कटियार ने की तथा संचालन इंजीनियर राजीव रेजा ने किया। ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुये जेएम कटियार ने कहा कि कानून अथाह समुद्र के समान है लेकिन उसमें से वे जानकारियां रखना जरूरी हैं जिनसे लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में सबका पड़ता है।
सिविल जज जूनियर डिवीजन कटियार ने कहा कि हमारे लिये यह जान लेना बहुत ही जरूरी है कि जो भी काम करें कानून के दायरे में रह कर करें और बेबजह की अफवाहों में न आयें। जहां भी भ्रम की स्थिति हो तो सम्बंधित विभाग के अधिकारी से सम्पर्क जरूर करें और सही जानकारी प्राप्त करें तब कहीं आगे कदम बढायें। कोई अपराध जाने अनजाने में हो जाय तो घबराने की जरूरत नहीं और न ही किसी के चंगुल मे फंसने की जरूरत है। आप अपने अधिवक्ता से संपर्क करें और जानें कि किया गया अपराध जमानती है या गैर जमानती, यदि अपराध जमानती है तो आपको जमानत मिलेगी ही उसे कोई रोक नहीं सकता ये आपका अधिकार है। उन्होंने कहा कि जमानत मिल जाने का अर्थ यह नहीं है कि आप अपराध करने लगें। उन्होंने छोटे छोटे अपराधों को स्थानीय लेबिल पर निपटा लेने पर भी बिशेष जोर दिया और कहा कि संवादहीनता की स्थिति कतई न बनने दें। मौजूदा नोटबंदी को लेकर भी उन्होंने कहा कि सब लोग आयकर रिटर्न जरुर भरें, पेन कार्ड बनवा लें ताकि बैंकों में लेनदेन के दौरान समस्या न आये। घरेलू हिंसा, परिवार विवाद, पुत्र का पिता की सम्पत्ति पर अधिकार, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न करने, वाहन का चालान कट जाने पर क्या करना होगा आदि विंदुओं पर भी उन्होंने विस्तार से बताया। ग्रामीण भी उनकी बात पूरी एकाग्रता के साथ सुन रहे थे। इस दौरान बरिष्ठ अधिवक्ता ओमप्रकाश कौशिक, हल्के सिंह बघेल, विश्वंभर दयाल जाटव, असित मिश्रा, अंजनी श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे। अंत में ग्राम प्रधान व अधिवक्ता जितेन्द्र पांडे ने आभार जताया। अधिवक्ता विनोद निरंजन सेता, सचिव, लेखपाल, पंचायत मित्र, खेड़ा चैकी प्रभारी विक्रम सिंह कांस्टेबिल सचिन देव, अयूब बाबू, कोटेदार, अयूब पठान, फकीरे, असलम खान, अफजाल, रतन कुशवाहा आदि मौजूद रहे।






Leave a comment