उरई। अखिल भारतीय गहोई वैश्य प्रगति मंच के तत्वावधान में 4 दिसंबर को डीएवी इंटर काॅलेज के प्रांगण में सामूहिक विवाह महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है जिसमें 17 युगल पवित्र अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे।
इसके पहले डीएवी इंटर काॅलेज के मुख्य द्वार से बारात यानि वर यात्रा निकाली जायेगी जो राठ रोड गुरुद्वारा से स्वामी विवेकानंद चैराहा पहुंचकर राजमार्ग से होती हुई शहीद भगत सिंह चैराहे से चंद्रनगर, तुलसी नगर, गोपाल गंज, राठ रोड, मौनी मंदिर होकर आयोजन स्थल पर पहुंचेगी।
प्रगति मंच के कार्यक्रम अध्यक्ष पवन नाछौला ने बताया कि संस्था की ओर से दोनों पक्षों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था निशुल्क की गई है। संस्था द्वारा सभी दम्पत्तियों को जीवनोपयोगी आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप दी जायेगीं। महामंडलेश्वर रामदास जी महाराज ददरउआ सरकार और सिददन महाराज ठड़ेश्वरी मंदिर आयोजन में उपस्थित रहकर सभी नवयुगलों और आयोजकों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक पुरुषोत्तम दास घंटी द्वारा अवगत कराया गया कि कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। राज्य महिला आयोग के सदस्य गीता गुप्ता अति विशिष्ट अतिथि रहेंगी। अध्यक्षता अखिल भारतीय गहोई महासभा के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम कुचया करेंगे। वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश गुलहरे, राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश नारायण सांवला, केके कठिल टीकमगढ़, कुंजबिहारी गुप्ता एडवोकेट झांसी, संजय मौर्य नदीगांव के भी पधारने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।







Leave a comment