08orai01उरई। डीवी काॅलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र यादव को समाजवादी युवजन सभा की कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष के भारी भरकम ओहदे से नवाजा गया है। समाजवादी पार्टी से जुड़े जनपद के युवाओं में इससे जबर्दस्त उत्साह का संचार हुआ है। सपा के युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि भूपेंद्र में असीम ऊर्जा है। उनको एक बार फिर मुख्य धारा में आने का अवसर मिलने से प्रदेश भर में युवाओें के बीच पार्टी के लिए नई जागृति आयेगी। भूपेंद्र के नजदीकी सूत्रों ने बताया है कि नियुक्ति के बाद वे पहली बार 14 दिसंबर को जनपद में पधारेंगे। इस अवसर पर उनके भव्य स्वागत की व्यवस्थायें की गई हैं।
भूपेंद्र यादव ने पूरे बुंदेलखंड में छात्र राजनीति के पावर हाउस कहे जाने वाले डीवी काॅलेज में जब अध्यक्ष पद पर विजय का परचम लहराया था उसी समय उनका नाम सुर्खियों में छा गया था। इसी कारण वर्तमान के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव खुद उनको शपथ दिलाने के लिए आये थे। जिससे उनका जलवा और अधिक बुलंद हो गया था। लेकिन पार्टी के वर्तमान शासन में उन्हें लो-प्रोफाइल पर रहना पड़ा। जिससे युवाओं के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाने का काम जितनी तेजी से जिले में होना चाहिए था उतना नही हो पाया।
समाजवादी पार्टी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जब पार्टी की गलतियां सुधारने के लिए कमियों पर गौर किया तो लूप लाइन में पड़े भूपेंद्र यादव पर उनकी निगाह पड़ी और उन्होंने फिर उनको केंद्र बिंदु में स्थापित करने का फैसला ले लिया। इसी के तहत उन्हें समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने का अहम एलान किया गया। भूपेंद्र यादव को एकदम ऊंचा ओहदा मिलने से न केवल जालौन जिले बल्कि पूरे बुंदेलखंड में सपाई युवाओं द्वारा उनकी ओर टकटकी लगाकर उम्मीद भरी नजरों से देखा जा रहा है। जिस पर खरा उतरने का चैलेंज कबूल करने के लिए वे भी कहीं से पीछे नही हैं।
भूपेंद्र यादव ने एक टेलीफोनिक वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष तथा सीएम का वरदहस्त सदा उन्हें प्राप्त रहा है। इसी विश्वास की वजह से उन्हें इस पद पर नवाजा गया है। उन्होंने कहा कि वे भी चुनाव में पार्टी की सत्ता की वापसी के लिए मेहनत करने में कोई कोर-कसर नही छोड़ेगें। इसके लिए समूचे बुंदेलखंड और पूरे प्रदेश में उनके द्वारा युवाओं के बीच संपर्क अभियान चलाकर समाजवादी सिद्धांतों और लक्ष्यों की जानकारी उन्हें देंगे। जिससे राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंशा के मुताबिक विचारधारा से लैस युवा कैडर पार्टी में संगठित हो सकें।

Leave a comment

Recent posts