उरई। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के लिए बजरिया का इलाका अकीदतमंदों ने रविवार की शाम तक दुल्हन की तरह सजा दिया। अन्य स्थानों पर भी मुस्लिम भाईयों के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आवासों पर रोशनी बेल की आकर्षक सजावट कर दी गई है। इस अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूसे मुहम्मदी के लिए भी आज तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश चांद कैलेंडर के मुताबिक सोमवार को मनाई जानी है। इसके लिए आज से ही जश्न का माहौल बजरिया में छा गया। बड़े-बड़े इस्लामी गेट बजरिया में जुलूसे मुहम्मदी के रूट पर बनाकर अकीदतमंदों ने अपने महबूब नवी के लिए निसार होने के जज्बात नुमाया किये हैं। उधर इस मौके पर निकाले जाने वाले जुलूसे मुहम्मदी को हर साल से और ज्यादा बेहतर बनाने का इंतजाम किया गया है। जुलूसे मुहम्मदी के मीडिया प्रभारी शफीकुर्रहमान कश्फी ने बताया कि रविवार को मदरसा दारूल उलूम बरकातिया में जुलूस के संयोजक मौलाना जमील अहमद कादरी साहब की शदारत में बैठक की गई। जिसमें धर्म गुरू हाफिज जब्बार साहब, शहर काजी शकील रहमानी, काजी शमसुल कमर, हाफिज मंजूर साहब, हाफिज फिरोज रहमानी, हाफिज अजीज रजा, हाफिज अनवार आदि शख्सियतें मौजूद रहीं। इसमें जुलूस के सारे इंतजामों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया और लोगों से अपील की गई कि जुलूसे मुहम्मदी में शान्ति और श्रद्धा के साथ शामिल होकर इस अवसर की गरिमा का निर्वहन करें।

Leave a comment