उरई। जिला मुख्यालय से औरैया की कनेक्टिविटी अब बहुत सुगमता पूर्वक रहेगी। उरई से जालौन फोरलेन का निर्माण चल ही रहा है। इस बीच जालौन से औरैया तक फोरलेन निर्माण के लिए भी प्रस्तावित बजट को वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करा दी गई है। उक्त फोरलेन निर्माण से जहां जालौन कस्बे की रंगत बदल जायेगी वहीं कुठौंद जैसे ग्रोथ सेंटर भी सुविकिसित नगर के रूप में तब्दील होने की उम्मीद की जाने लगी है।
दो जिलों को जोड़ने वाला मार्ग होने के बावजूद जालौन, औरैया सड़क काफी बदहाल रही है। जिला मुख्यालय का नाम जालौन के नाम पर है लेकिन इस कस्बे में रेलवे कनेक्टिविटी का न होना जहां इसकी बदनसीबी का कारण बन गया वहीं किसी ने अभी तक औरैया को जोड़ने वाली यहां की सड़क का भी कोई पुरसा ख्याल नही किया। लंबे समय तक विकास के मामले में ठहराव के शिकार रहे जालौन कस्बे के दिन अब बहुरने पर आ गये हैं। जिलाधिकारी संदीप कौर ने मीडिया के माध्यम् से इस खुशखबरी की जानकारी लोगों के लिए प्रसारित की। इसमें उन्होंने बताया है कि जालौन से औरैया तक 34 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाने के लिए 288.89 करोड़ के प्रस्तावित बजट को व्यय वित्त समिति से अनुमोदन प्राप्त हो गया है। इस खबर के बाद जालौन कस्बे और कुठौंद तक इस मार्ग पर आने वाले गांवों के लोग खुशी से झूम उठे हैं। कुठौंद के बांशिदे तो अभी से अपने कस्बे का दर्जा एट जैसा होने का सपना संजोने लगे हैं जहां पर हाइवे पर होने की वजह से जमीनों के भाव काफी पहले से जिला मुख्यालय से भी काफी ऊंचे रहे हैं। इसके अलावा यह रोड आगरा और दिल्ली से सीधे माल आने की सुविधा की वजह से कुठौंद के मार्केट को भी काफी ऊंचाई दे सकता है। लोगों ने खुशखबरी के लिए डीएम को धन्यवाद देते हुए उनसे मांग की है कि वे पैरवी कर इस फोरलेन का काम शीघ्र शुरू कराने का रास्ता हमवार करें।

Leave a comment