0 ब्रजमोहन तिवारी बने कार्यक्रम संयोजक
कोंच-उरई। सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया की अवधारणा के तहत व्यापक जन कल्याणार्थ प्रति वर्ष नगर विद्यत् परिषद् के तत्वाधान में कोंच में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। अबकी दफा यह आयोजन आगामी 30 दिसंबर से ब्राह्मण महासभा परिसर गोखलेनगर में प्रस्तावित हैं। सहयोगी संस्था ब्राह्मण महासभा द्वारा रविवार को तैयारी बैठक का आयोजन किया गया जिसमें अनुष्ठानों को लेकर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। ब्रजमोहन तिवारी को सर्वसम्मति से कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है।
ब्राह्मण महासभा परिसर में महासभा के अध्यक्ष देवीदयाल रावत की अध्यक्षता और महामंत्री अनुरुद्ध मिश्रा के संचालन में बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी 30 दिसंबर से महासभा परिसर में श्रीमद् भागवत कथा तथा शतचंडी का आयोजन किया जाना है। इसमें यह भी चर्चा की गई कि विप्र बंधुओं की इसमें अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिये महासभा के पदाधिकारी और सदस्य घर घर जाकर संपर्क करेंगे। महासभा अध्यक्ष रावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि कलिकाल में एकता का बहुत महत्व है, विप्र समाज को एकजुट रह कर अपने अस्तित्व को बचाने का प्रयास करना चाहिये क्योंकि आज के दौर में ब्राह्मण समाज की श्रेष्ठता और समाज का नेतृत्व करने की क्षमता संक्रमण के दौर से गुजर रही है, इस स्थिति को परस्पर एकजुट रह कर ही प्राप्त किया जा सकता है। विद्वान पंडित संजय रावत ने कहा कि विप्र समुदाय के लोगों को अपने बच्चों में ब्राह्मणोचित संस्कार डालने का कार्य करना चाहिये तभी हम अपना खोई आभा पुनः प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आरबी मिश्रा, विजय रावत, डालचंद्र द्विवेदी, ब्रजकिशोर पिपरैया, प्रभूदयाल गौतम, राजेन्द्र बबेले, दिनेश द्विवेदी, सुधाकर चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।

Leave a comment