cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। गोहन थाना क्षेत्र में हदरुख रोड पर बाइक खंदक में गिरने से घायल हुए ग्राम पंचायत सदस्य की उपचार के दौरान पांच दिन बाद ग्वालियर में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव आज जब अंत्येष्टि के लिए गांव लाया गया तो परिजनों के चीत्कार और विलाप से गांव के सारे बाशिंदे दहल उठे।
सरावन निवासी भरत पांडेय (24वर्ष) पुत्र फौजदार पांडेय किसी जरूरी कार्य से हदरुख जाने के लिए मोटर साइकिल से निकला था। इस दौरान सड़क की खराब हालत उसकी बलि की वजह बन गई। ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलते समय उसकी बाइक फिसल कर खंदक में गिर गई। रफ्तार तेज होने के कारण इसमे भरत पांडेय को घातक चोटें आईं। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत में सुधार न आने पर ग्वालियर ले जाया गया जहां 5 दिन जिंदगी और मौत के बीच झूलते हुए मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग मातम में डूब गये। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव जब आज गांव पहुंचा तो बुरी तरह से रोते-बिलखते उसके परिजनों की हालत देखते नही बन रही थी।

Leave a comment