cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce1.pngउरई। सशक्त गांव, विकसित प्रदेश अभियान के तहत जिलाधिकारी संदीप कौर ने पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश कुमार सिंह के साथ ग्राम पंचायत सरावन का निरीक्षण किया। गंदगी का अंबार देखकर उनका पारा चढ़ गया। प्रधान और ग्रामीणों ने जब सफाईकर्मी की तैनाती होने के बावजूद उनके न आने की शिकायत की तो नाराजगी प्रकट करते हुए डीएम ने डीपीआरओ के लिए तीन दिन में स्थिति ठीक करने का अल्टीमेटम पत्र के जरिये भेज दिया। डीएम के साथ डीआरडीए के पीडी चित्रसेन सिंह भी रहे।
डीएम संदीप कौर के सरावन भ्रमण में उनके सामने समस्याओं का अंबार लग गया। जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में शुमार सरावन तक में खंड विकास अधिकारी व अन्य अधिकारियों द्वारा गौरगीरी न की जाने की हकीकत सामने आने से डीएम ने कोफ्त जाहिर की।
ग्रामीणों ने डीएम से ग्राम पंचायत से संबद्ध बदनपुरा गांव तक सुगम आवागमन के लिए डेढ़ किलोमीटर पक्का रास्ता बनवाने की मांग की। जिसे लेकर डीएम ने लोक निर्माण खंड-1 के अधिशाषी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिये।
गांव में बिजली पानी का भी हाल डीएम को बुरा मिला। बाजार में लगे खंभों पर बल्ब न होने से रात में अंधेरा रहता है। गांव में 158 पोल गड़े हैं लेकिन ग्रामीणों ने सुचारू व्यवस्था के लिए 41 और पोल व एक ट्रांसफार्मर की अतिरिक्त व्यवस्था करने की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने सरकारी नलकूंप की लाइन से सीधे कनेक्शन जोड़ रखे हैं जिससे आबादी क्षेत्र में खतरा हो सकता है। गांव में 158 हैंडपंप लगे हैं जिनमे से दो हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नही है जबकि 10 हैंडपंप रीबोर की स्थिति में होने की वजह से ठप्प हैं। एक हैंडपंप पर गांव के दंबग कल्लू पंडित ने कब्जा जमा रखा है। जिससे इसका सार्वजनिक लाभ संबंधित बस्ती के लोगों को नही मिल पा रहा है। डीएम ने जल संस्थान को इस पर कड़ी चिटठी लिखवाई। गांव में 36 लोगों को शौचालय निर्माण के लिए अनुदान दिया गया है जिसमें से 35 शौचालय पूर्ण हो चुके है। इंद्रपाल के अधूरे शौचालय को लेकर डीएम ने उन्हें चेताया इसी तरह लोहिया आवास के लाभार्थियों ने दोनों किस्त मिल जाने के बावजूद अभी अपना घर कंपलीट नही कराया है। डीएम ने लाभार्थियों से कहा कि शीघ्र आवास पूर्ण करायें अन्यथा दी गई सहायता की रिकवरी कराकर उनके खिलाफ गबन का मुकदमा लिखा दिया जायेगा।

Leave a comment