कोंच-उरई । नोटबंदी के बाद से परेशानी झेल रही जनता अब अव्यवस्थाओं की शिकार हो जान गंवाने को मजबूर है। बुधवार को ग्राम भेंड़ में सेंट्रल बैंक शाखा के बाहर भुगतान लेने के लिये लाइन में खड़ा वृद्घ अचानक गश खाकर गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वृद्घ की मौत की खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गये।

सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन तभी हालात काबू से बाहर होने लगे। गुस्साये ग्रामीण कोंच-जालौन रोड पर आ गये और वहां उन्होंने जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग जाम में फंस कर रह गये। पुलिस ने जाम लगाने बालों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे बिना बड़े अधिकारियों के मौके पर आने और ठोस आश्वासन मौत की भरपाई करने के जाम खोलने को राजी नहीं हुये। हालात बिगड़ते देख अन्य थानों का भी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और किसी तरह समझा बुझा कर जाम खुलवाया।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में सेंट्रल बैंक की शाखा है जहां पिछले महीने भर से लोग रोज ही बैंक शाखा में पैसे लेने के लिये लंबी लंबी लाइनें लगा रहे हैं। आज भी लंबी कतार भुगतान पाने बालों की लगी थी और उसी में खड़ा था गांव का गंगाचरन अहिरवार (65) पुत्र जालिमसिंह। उसे भी बैंक से भुगतान लेना था। इसी बीच दोपहर तकरीबन साढे ग्यारह बजे अचानक गंगाचरन गश खाकर वहीं गिर गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बैंक के बाहर हुई इस मौत की खबर तेजी से गांव में फैल गई और देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोग जमा हो गये। इसी बीच कोतवाली पुलिस को भी इस मौत की इत्तेला मिल गई जिस पर सागर चौकी प्रभारी रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी एक अन्य दरोगा व सिपाहियों के साथ भेंड़ पहुंच गये थे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन लोग हंगामे पर उतारू हो उठे। इन्हीं में गुलाबी गिरोह से बाबस्ता केशकली जो मृतक की बड़ी बहू बताई जा रही है, ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया और बैंक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। गुस्साये लोगों ने कोंच-जालौन मार्ग पर आड़े तिरछे अवरोध डाल कर रोड जाम कर दिया जिससे आयातात ठप हो गया और सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

इस हंगामे की सूचना जिले के पुलिस कप्तान डॉ. राकेश सिंह को भी दे दी गई थी जिस पर उन्होंने अन्य थानों की पुलिस को भी मौके पर जाकर हालात संभालने के निर्देश दिये। कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी, एसआई जयवीर सिंह, उदयपाल सिंह आदि भी भारी फोर्स के साथ वहां पहुंच गये। उधर, सीओ जालौन अरुणकुमार सिंह, एट और जालौन थानों की फोर्स ने भेंड़ पहुंच कर लोगों को समझाया कि शासन की ओर से जो भी आर्थिक इमदाद अनुमन्य होगी वह मृतक के परिवार को उपलब्ध करा दी जायेगी। इस आश्वासन के बाद ही जाम खुल सका। मृतक का पंचायतनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है।







Leave a comment