उरई। नोट बंदी की तकलीफों को बैंकर्स ने लोगों के लिए और ज्यादा दारुण बना दिया है। सरकार और आरबीआई के सख्त तेवरों के बावजूद बैंक स्टाॅफ के रवैये में कहीं कोई बदलाव नजर नही आ रहा। जिले में इसकी वजह से कानून व्यवस्था के लिए लगातार संकटपूर्ण स्थितियां बनी हुई हैं जिससे प्रशासन और पुलिस को भारी सिरदर्द झेलना पड़ रहा है।
न्यामतपुर में इलाहाबाद बैंक की शाखा में कैश देने के नाम पर खुलेआम कमीशनखोरी का आलम चलाया जा रहा है। बुधवार को इससे नाराज ग्रामीणों ने शाम को मैनेजर आनंद कुमार सोनकर को बंधक बना लिया। इसके बाद सिरसाकलार एसओ पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोगों का कहना था कि उनका धैर्य जबाव दे चुका है। मैनेजर साहब कुछ मिनिट तक लाइन में लगे लोगों को कैश देते हैं और इसके बाद कैश खत्म होने की बात कहकर हाथ उठाने लगते है जबकि कमीशन देने वालों को भीतर आराम से कैश मिलता रहता है। यही नही चैक लेकर रख ली जाती है और मैनेजर साहब घर लौटते समय रास्ते में नगदी का आदान-प्रदान उन्हें करते चलते हैं। हालांकि एसएचओ सिरसाकलार की सूझबूझ से किसी तरह से ग्रामीण मान गये।
उम्मीद थी कि इसके बाद आज इस बैंक में माहौल ठीक-ठाक रखा जायेगा। लेकिन गुरुवार को भी यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों का गुस्सा तब और ज्यादा भड़क गया जब लाइन में लगी महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ी। प्रताप राठौर सिम्हारा कासिमपुर, जगदीश सिंह हथनौरा, आनंद कुमार, सर्वेश कुमार, हरीमोहन, जगदेव, शेर सिंह व राहुल ने बताया कि बैंक मैनेजर आनंद सोनकर अपने चहेते दलालों से विड्रोल फार्म गोपनीय रूप से लेकर 15 से 20 प्रतिशत कमीशन के बदले में कैश उपलब्ध कराते रहते हैं। सुनीता देवी व प्रेमलता इसी कारण कई दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद कैश हासिल नही कर पाईं थी जिससे आज उनकी तबियत बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद फिर बवाल हो गया तो मैनेजर ने न्यामतपुर चैकी को फोन करके पुलिस बुला ली और पीछे वाले रास्ते से फूट गये। मैनेजर आनंद सोनकर कहते तो यह है कि उनकी शाखा में कैश ही नही है तो वे दें कैसे लेकिन अगर कैश की आपूर्ति ऊपर से ही गड़बड़ है तो बाबई और महेबा की शाखाएं हर रोज ग्राहकों को कैश कैसे बांट रही हैं इसका माखूल जबाव उनसे नही मिला।
उधर परासन स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की ब्रांच में नाराज लोगों ने ताला लगाकर हंगामा कर दिया। जिले की कई अन्य बैंक शाखाओं में भी इसी तरह से उपद्रव होने की सूचना मिली है।







Leave a comment