16orai01उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र के ऊमरी कस्बे में रंगदारी वसूल करने वाले गिरोह के सरगना ने एक सर्राफ पर फायरिंग कर दी जिससे सनसनी फैल गई। इसी बीच कस्बे के किसी व्यक्ति ने डायल-100 पर काॅल कर घटना की सूचना दी। नतीजतन आनन-फानन में डायल-100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। सरगना गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसके दो अन्य साथी भाग निकले जिन्हें पुलिस तलाश रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक ऊमरी का ही निवासी हरीओम उपाध्याय आतंक फैलाकर कस्बे और क्षेत्र के व्यापारियों व अन्य लोगों से रंगदारी वसूली का गैंग चलाता है। उसके गैंग में उसकी एक रखैल भी शामिल है। 10 दिन पहले उसने राजू उर्फ राजीव सोनी से रंगदारी मांगी थी जिस पर राजू ने थाने में उसके खिलाफ नामजद तहरीर दे दी लेकिन हरीओम के खिलाफ कोई एक्शन नही लिया गया।
शुक्रवार को पुलिस की लापरवाही से मन बढ़ा होने के कारण हरीओम ने राजू को घेर लिया और उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि इसमें राजू बाल-बाल बच गये। कस्बे में इसके कारण मची अफरा-तफरी के बीच डायल-100 गाड़ी ने सूचना पाकर मौके पर दबिश दी जिसमें हरीओम को पकड़ लिया गया। डायल-100 के इस शानदार ट्रायल से खुश जनपद के पुलिस अधीक्षक डाॅ. राकेश सिंह ने इस दस्ते में शामिल एचसीपी कमल सिंह यादव, कमांडर डायल-100 आरक्षी गजेंद्र सिंह चैकी ऊमरी, आरक्षी बलवीर सिंह यादव डायल-100 और होमगार्ड ड्राइवर डायल-100 बृजेश कुमार को पांच सौ रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

फोटो-आरोपी हरीओम उपाध्याय

Leave a comment