उरई। रामपुरा थानाक्षेत्र के कस्बा ऊमरी में रंगदारी के लिए व्यापारी पर तमंचे से की गई फायरिंग के मामले में पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद भय का माहौल कायम बना हुआ है। शनिवार को व्यापारियों ने डर की वजह से ऊमरी का बाजार बंद रखा जिससे कस्बे की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस हालात सामान्य करने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की जददोजहद में जुटी हुई है।
ध्यान रहे कि कई दिनों से 50 हजार रुपये की रंगदारी के लिए व्यापारी राजेश सोनी को हरीओम उपाध्याय आतंकित करने में जुटा था। लेकिन शुक्रवार को उसने पराकाष्ठा कर दी जब उसने सचमुच राजेश पर तमंचे से फायर झोंक दिया जिसमें राजेश बाल-बाल बच कर भाग निकलने में सफल हो गये। खीझें हरिओम उपाध्याय ने इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन इसी बीच पुलिस के पहुंच जाने से उसको दबोच लिया गया।
आरोपी ने पकड़े जाने के पहले व्यापारियों को सबक सिखाने का ऐलान फायरिंग करते हुए जोर-जोर से किया था। जिसक डर व्यापारियों में दूर नही हो पा रहा है नतीजतन आज भी उन्होंने अपनी दुकानें नही खोली। थानाध्यक्ष बृजनेश यादव ने बताया कि ऊमरी में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि हरिओम उपाध्याय के खिलाफ गैंगस्टर या रासुका जैसी कार्रवाई अधिकारियों से निर्देश लेकर की जायेगी।






Leave a comment