विष्णु वल्लभ चंसोलिया द्वारा-
उरई। मतदान केंद्रों को चुनाव के दृष्टिगत पूरी तरह से सुसज्जित करने की कवायद की निगरानी कई स्तरों पर कराई जा रही है। थानों को भी अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक कर चुनाव प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत के पहले मतदान केंद्रों का जायजा लेने के लिए जुटाया गया है।
इसी कड़ी में आटा के थानाध्यक्ष वीके मिश्रा ने अपने क्षेत्र के कई ग्रामों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पिपरायां में भी मतदान केंद्र की व्यवस्था को देखा। इसमें नजर आईं कमियों को लेकर उन्होंने ग्राम प्रधान से चर्चा की और कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय कर वे इन कमियों को दूर करायें।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने इस बार मतदान केंद्रों पर पेयजल, सफाई, शौचालय सहित सभी बुनियादी सुविधाएं मुकम्मल रखने के निर्देश हर जिले में प्रशासन को दिये हैं। पुलिस भी चुनाव आयोग के इन निर्देशों के मुताबिक मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर सजग है।
थानाध्यक्ष वीके मिश्रा ने पिपरायां में प्रधान व अन्य सभ्रांत लोगों से अलग से गांव के गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी अवांछनीय गतिविधि की सुगबुगाहट देखने पर तत्काल थाने को सूचना दी जाये। उन्होंने प्रधान से व्हाटसएप जैसे एप्लीकेशन अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का अनुरोध किया तांकि सूचनाओं का आदान-प्रदान उनके और पुलिस के बीच होता रहे।





Leave a comment