उरई। मध्य प्रदेश की बालू के परिवहन के लिए खैबर के दर्रे जैसा राजमार्ग बनने जा रहे बंगरा माधौगढ़ रोड पर रात में एसडीएम ने पुलिस और खनिज अधिकारी को साथ लेकर अभियान चलाया जिसमें लगभग 10 ओवर लोड ट्रक पकड़े गये। इनकों थाने में खड़ा करा लिया गया है।
मध्य प्रदेश की बालू पहले बंगरा से जालौन होकर औरैया की ओर ढोई जाती थी। जब ट्रकों ने इस रोड को भुगतकर बीहड़ में तब्दील कर दिया तो पिछले कुछ सप्ताह से उन्होंने औरैया जाने के लिए बंगरा माधौगढ़ रोड को पकड़ लिया है। इनके कहर से पुख्ता बना यह रोड कुछ ही समय में चू बोलने लगा है। बंगरा-रूरा के बीच पुलिया टूट चुकी है। चितौरा के पास इतना बड़ा गडडा हो गया कि किसी दिन कोई ट्रक इसमें फंसकर पलट गया तो एक दम किनारे बने कितने मकानों में लोगों को सोते-सोते ही चिरनिद्रा में लीन होने की नौबत आ सकती है। इसके बावजूद प्रशासन का धैर्य काबिले तारीफ रहा जो ट्रक वालों को अभी तक परेशान नही किया गया था।
लेकिन चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद तमाम कोटे पूरे करने के लिए प्रशासन को दया भाव छोड़ना पड़ रहा है। हालांकि अधिकारियों को इससे तकलीफ तो बहुत होगी। इसी क्रम में शुक्रवार की रात की गई कार्रवाई में 10 ट्रकों का चालान कर दिया गया है जो कि एक ही कंपनी के हैं। यह कार्रवाई कुछ अन्य ट्रकों पर प्रशासन और पुलिस की मेहरबानी के चलते भी चर्चा का विषय रही।





Leave a comment