कोंच-उरई। नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा रविवार को कोंच के दो परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। बेईमान मौसम के कारण 233 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से और नकल विहीन संपन्न कराने के लिये दोनों केन्द्रों पर केन्द्रीय पर्यवेक्षक भी भेजे गये थे।
आज नवोदय विद्यालय के लिये प्रवेश परीक्षा यहां दो केन्द्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। नदीगांव के परीक्षार्थियों के लिये एसआरपी इंटर कॉलेज परीक्षा केन्द्र बनाया गया था जहां 328 नामांकित परीक्षार्थियों के सापेक्ष 217 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे, 111 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। केन्द्र व्यवस्थापक एसपी पांडे के मुताबिक राजीव गौर व प्रमोद कुमार को केन्द्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर यहां भेजा गया था। इधर, संठ विन्द्रावन इंटर कॉलेज में शहरी क्षेत्र के परीक्षार्थियों का परीक्षा केन्द्र बनाया गया था जिसमें 546 परीक्षार्थी नामांकित थे जिसमें 270 कोंच नगर व 276 कोंच ब्लॉक के थे लेकिन इसके सापेक्ष केवल 424 परीक्षार्थी ही शामिल हुये, 122 अनुपस्थित रहे। केन्द्र व्यवस्थापक लगातार कक्षों का निरीक्षरण करते रहे, बैसे यहां भी दो केन्द्रीय पर्यवेक्षक विमल प्रदीप व डीसी सोनी पूरे समय मौजूद रहे। एसडीएम मोईन उल इस्लाम, खंड शिक्षा अधिकारी अजित यादव व शिक्षाधिकारी नगर क्षेत्र रामकुमार शर्मा भी दोनों केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे। पुलिस व्यवस्था भी दुरुस्त रही।





Leave a comment