0 अवैध शराब और असलहों के खिलाफ चलेगा अभियान
0 एसडीएम और सीओ ने लगाई पुलिस अधिकारियों की क्लास
konch5कोंच-उरई। आसन्न विधान सभा चुनाव प्रशासन के लिये करो या मरो जैसी स्थिति लेकर आये हैं। ऐसे खुराफाती लोग जिनका चाल और चरित्र चुनाव दौरान गड़बड़ी पैदा करने वालों में शुमार है, प्रशासन के राडार पर रहेंगे। अराजक तत्वों, अबैध शराब और अवैध असलहों के खिलाफ अभियान चला कर कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम व सीओ ने अधीनस्थों को दिये हैं। इसके अलावा खुराफातियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही करने, लाईसेंसी असलहे तत्काल जमा कराने आदि के कड़े निर्देश पुलिस को दिये गये हैं।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता और सीओ नवीन कुमार नायक की मौजूदगी में रविवार को कोतवाली में बैठक संपन्न हुई जिसमें प्रभारी निरीक्षक के अलावा सभी चैकियों के इंचार्ज और थानेदार मौजूद रहे। एसडीएम व सीओ ने कहा कि चुनाव दौरान सभी लाईसेंस धारकों के शस्त्र कड़ाई के साथ जमा कराना तत्काल सुनिश्चित करें, इस काम में किसी को छूट नहीं दी जायेगी। जिन्हें किन्हीं कारणोंवश शस्त्र अपने घर में रखना जरूरी है वे जिले में गठित स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष आवेदन कर अनुमति प्राप्त करके ही शस्त्र घरों में रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी हलका इंचार्ज और बीट सिपाही गांवों में जाकर शस्त्र जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिनके शस्त्र जमा न हों उनके शस्त्र लाईसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही तुरंत की जाये। उन्होंने अबैध शराब, अबैध असलहों के खिलाफ भी अभियान चलाने के निर्देश दिये और कहा कि यह देखना भी उनकी जिम्मेदारी है कि वोटों को प्रभावित करने के लिये शराब, कपड़े या पैसा बांटने के मामले तो नहीं आ रहे हैं। पिछले पंचायत या लोकसभा चुनाव में यदि किसी के खिलाफ चुनावी मामला दर्ज किया गया हो तो उसके खिलाफ भी निरोधात्मक कार्यवाही अमल में लाये जाने के निर्देश उन्होंने दिये। किसी गाड़ी में हूटर, या लाल नीली बत्ती लगी है तो उसे तत्काल उतरवायें। इस दौरान कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी, एसएसआई अजयकुमार सिंह, सागर चैकी इंचार्ज रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, सुरही चैकी इंचार्ज संजीव यादव, मंडी चैकी इंचार्ज उदयपाल सिंह, खेड़ा चैकी प्रभारी जयवीर सिंह, दरोगा राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, विनोदकुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Leave a comment