0 सरस आर्ट ग्रुप द्वारा लगाई गई आर्ट गैलरी में सम्मानित हुईं प्रतिभायें
0 तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का हुआ समापन
कोंच-उरई। सरस आर्ट ग्रुप के तत्वाधान में यहां मदर्स प्रइड एलीमेंट्री स्कूल के हॉल में लगाई गई तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का आज भव्य समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता कर रही डॉ. स्वयंप्रभा उरई ने कहा कि समाज में ढेर सारी तथाकथित संस्थायें काम करने का दावा करती हैं लेकिन सही मायने में प्रतिभाओं को निखरने का मौका देती हैं सरस आर्ट ग्रुप जैसी संस्थायें जो निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर लगा कर बच्चों को ललित कलाओं से न सिर्फ परिचित कराती हैं बल्कि उन्हें आर्ट के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण देती हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद आयोजक संस्था को साधुवाद देते हुये कहा कि सही मायनों में कला और कलाकार का मतलब सरस आर्ट ग्रुप जैसी संस्थायें ही समझा पाती हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखण्ड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और बाबजूद संसाधनों की कमी के यहां प्रतिभाओं को उभरने का मौका सरस आर्ट ग्रुप जैसी संस्थायें ही दे पाती हैं। उन्होंने कहा कि कोंच जैसी छोटी सी जगह में सरस आर्ट ग्रुप का प्रयास बहुत ही सराहनीय है जो उसने यहां की प्रतिभाओं को उर्वरता प्रदान करने के लिये कार्यशाला का आयोजन किया और प्रशिक्षुओं द्वारा बनाये गये चित्रों की प्रदर्शनी लगा कर उन्हें एक नाम दिया है। विशिष्ट अतिथि सेठ बद्रीप्रसाद स्मृति महाविद्यालय के डायरेक्टर आशुतोष हूंका व मदर्स प्राइड के संरक्षक विनोद पांडे ने भी संबोधित करते हुये बच्चों का उत्साहबर्द्धन किया। संचालन निर्भयसिंह यादव ने किया।
गौरतलब है कि नगर के जानेमाने चित्रकार संजीव स्वर्णकार सरस द्वारा स्थापित सरस आर्ट ग्रुप द्वारा स्थानीय मदर्स प्रइड एलीमेंट्री स्कूल में तीन दिवसीय आर्ट गैलरी लगाई गई थी जिसमें समर वैकेशन में लगाई गई कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों द्वारा बनाये गये चित्रों की प्रदर्शनी लगा कर उनका उत्साहवर्द्धन करने का स्तुत्य प्रयास किया गया। प्रदर्शनी में बच्चों की बेहतरीन कारीगरी के कई नायाब नमूने प्रदर्शित किये गये। सोमवार को इस गैलरी का समापन हुआ। आभार संजीव सरस ने जताया। इससे पूर्व प्रशिक्षु छात्राओं तथा संस्था के सदस्यों ने अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। आनंद पांडे व आदित्य पांडे व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे थे। इस दौरान रामशरण सिंह कुशवाहा, धीरेन्द्रसिंह गहलौत, नरेन्द्र मित्र, अनीता स्वर्णकार, सरोज वर्मा, अरुणा सक्सेना, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, केके यादव, सभासद बादामसिंह कुशवाहा, संजय सिंघाल, मनोज गुप्ता, चतुर्भुज चंदेरिया, पवन खिलाड़ी, भारती शर्मा, निधि पटेल, शैफाली शुक्ला, आकांक्षा पटेल, कशिश कटियार, शालिनी गुप्ता, अनन्या चोपड़ा आदि मौजूद रहे।







Leave a comment