08orai03उरई। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और बुंदेलखंड प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने रविवार को जनपद में पहुंचकर पार्टी की जिले में चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। पार्टी के जिला कार्यालय पर मीडिया से रूबरू होने के दौरान उन्होंने साक्षी महाराज के ताजा बयान से पल्ला झाड़ लिया। उम्मीदवारी में महिलाओं की हिस्सेदारी पर सवाल का भी उन्होंने कोई जबाव नही दिया।
दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्य कारिणी की बैठक में मोदी मंत्र ग्रहण करने के बाद पार्टी की राज्य स्तरीय मशीनरी चुनावी समर मैदान में सक्रिय हो गई है। विजय बहादुर पाठक ने यहां आकर जिले में चुनाव तैयारियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बूथ इकाइयों के गठन और विभिन्न जिम्मेदारियों के प्रभार के लिए नियुक्तियों के बाबत जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल से चर्चा की।
पत्रकारों से उन्होंने समाजवादी पार्टी के अंदरूनी घटनाक्रम पर कहा कि यह असली मुददों से ध्यान भटकाने के लिए हो रहा फैमली ड्रामा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारों का शोषण और किसानों की राज्य में लगातार आत्महत्याओं से समाजवादी पार्टी को चुनाव में जबाव देना मुश्किल था। इन सवालों से बचने के लिए मुलायम परिवार ने प्रायोजित नौटंकी लोगों को दिखानी शुरू कर दी।

Leave a comment