img-20170110-wa0022उरई। वृक्ष बंधु के नाम से मशहूर जेपी गुप्ता ने 83 वर्ष की उम्र में स्वच्छ भारत अभियान में स्वयंसेवी योगदान देने के लिए अपने जज्बे से युवाओं को भी मात कर दिया। पटेल नगर को केंद्र बनाकर उनके द्वारा 1 वर्ष से चलाई जा रही साफ-सफाई की मुहिम की चर्चा फैलने के बाद उरई नगर पालिका परिषद ने उन्हें नगर में स्वच्छता एबेंसडर के रूप में नवाजने की घोषणा की है। अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार ने उन्हें पत्र भेजकर कहा है कि उनके द्वारा यह पेशकश स्वीकारने पर नगर पालिका उनकी आभारी होगी क्योंकि इससे लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने में उसे भारी मदद मिलेगी।
सामाजिक बदलाव के काम सरकारी भरोसे अंजाम पर नही पहुंच सकते। इसके लिए लोगों का आगे आना जरूरी होता है। लेकिन आज हर कोई कहता है कि उसके पास अपने ही इतने काम हैं कि सामाजिक कार्यों के लिए फुर्सत कैसे निकालें। लेकिन जो लोग दूसरी मिटटी के बने हुए हैं उन्हें समाज के लिए कुछ सार्थक किये बिना जीवन अधूरा लगता है और यह साध उन्हें लंबा जीवन देने में भी सहायक होतीं हैं। फौजी रह चुके जेपी गुप्ता अपने आप में इसका उदाहरण हैं।
रचनात्मक उत्साह के कारण ही 83 वर्ष की उम्र में भी वे स्फूर्ति से लैस हैं। गंदगी के प्रति लोगों की बेपरवाही उन्हें हमेशा से सालती थी और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब क्लीन भारत का नारा देकर आम अवाम को साफ-सफाई के लिए कृतसंकल्पित करने का बीड़ा उठाया तो जेपी गुप्ता सबसे ज्यादा आलोड़ित हुए। उन्होंने पटेल नगर एरिया में पूर्व विधायक स्व. बद्रीसिंह के दरवाजे से बंबी रोड पर जीआईसी जाने वाली गली तक 10-12 लोगों की टोली बनाकर हर रोज सुबह उठते ही सड़क से लेकर नालियों तक की सफाई की मुहिम छेड़ दी। इसके लिए आपस में ही चंदा करके उन्होंने झाड़ू, हाथों के गिल्पिस आदि सफाई उपकरण खरीदे।
उनकी धुन देखकर मोहल्ले के लोग कहने लगे थे कि गुप्ता जी बुढ़ापे में पागल हो गये हैं। लेकिन इस तरह की बातों को सुनकर भी वे विचलित नही हुए। आज हालत यह है कि पूरा मोहल्ला उन पर नाज कर रहा है। मैं तो अकेला ही चला था जानिबे मंजिल, लोग आते गये कारवां बनता गया की तर्ज पर अब पूरा मोहल्ला उनके साथ हाथ बंटाने को तत्पर रहता है। उनके इस काम की चर्चा श्रद्धा के साथ शहर के हर गली-कूंचे में इस काम की वजह से हो रही है। जेपी गुप्ता और उनकी टीम में शामिल रमेश याज्ञिक, चंद्रवीर सिंह, राजू, बड़े महाराज और रामलला आदि लोगों की सराहना को अपने जीवन का सबसे बड़ा इनाम मानकर बहुत उत्साहित हैं।
जेपी गुप्ता के साथ नगर पालिका ने मुरारी लाल गुप्ता को भी नगर का स्वच्छा एबेंसडर बनाया है। उधर पूर्व सैनिक आश्रित कल्याण समिति के अध्यक्ष सीपी तिवारी ने जेपी गुप्ता और मुरारी लाल गुप्ता को स्वच्छता एबेंसडर बनने की बधाई दी और कहा कि इससे पूर्व सैनिक संगठन गौरवान्वित हुआ है।

Leave a comment