16orai01कुठौंद-उरई। प्रशासन ने दर-दर जाकर लोगों को आचार संहिता का पाठ पढ़ाने का अभियान छेड़ दिया है। जालौन के एसडीएम शीतला प्रसाद यादव ने सीओ संजय कुमार शर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ कई मतदान केंद्रों में लोगों के साथ इस बाबत सभाएं कीं।
कुठौंद में उनकी सभा ब्लाॅक सचिवालय में हुई जिसमें एसडीएम ने नगदी लेकर चलने के आचार संहिता के सबसे ज्वलंत मुददे पर लोगों की अकुलाहट शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि जरूरत से ज्यादा कैश लेकर चलने पर कोई पाबंदी नही है लेकिन इसके लिए संबंधित के पास बैंक या अन्य संस्था अथवा व्यक्ति के लेन-देन से जुड़े पुख्ता दस्तावेज होने चाहिए। उन्होंने कहा कि धन बल के जोर पर चुनाव को प्रभावित करने वालों को मात देने के लिए यह व्यवस्था बनाई गई है। लोगों के उत्पीड़न की कोई मंशा इसमें आयोग और प्रशासन की नही है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित सीमा से ज्यादा कैश का वैध रिकार्ड न होने पर धनराशि जब्त कर ली जायेगी। इसलिए लोगों को इस मामले में सतर्कता बरतना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बिना परमीशन के किसी गाड़ी में राजनैतिक पार्टी का झंडा लगाने की इजाजत नही है अगर किसी गाड़ी में किसी भी राजनैतिक दल का झंडा-बैनर मिला तो उसे सीज कर दिया जायेगा।
एसडीएम ने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए चुनाव में बढ़चढ़ कर मतदान करने को कहा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने इस बार हर मतदान केंद्र को बुनियादी मानवीय सुविधाओं से सुसज्जित कराया है तांकि किसी मतदाता को परेशानी न हो। उन्होंने जागरूक मतदाताओं से अपने परिवार के सभी बालिग सदस्यों का मतदान सुनिश्चित करने की अपील की। सभा में एसडीएम और सीओ के अलावा तहसीलदार सतीश कुमार वर्मा, एसआई गंगाराम वर्मा, एसआई हरिद्वारीलाल वर्मा, प्रधान विवके सिंह और ग्राम पंचायत सदस्य शिवशरण सिंह भदौरिया के साथ सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a comment