0 आदर्श चौराहे के रूप में स्थापित किया गया भगत सिंह चौराहा भी दुर्दशा का शिकार
0 रामभरोसे चल रही शहर की यातायात व्यवस्था
उरई। शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों राम भरोसे चल रही है। आवारा जानवर इसमें सबसे बड़े बाधक बन रहे हैं। वहीं वाहन चालकों द्वारा बेतरतीब ढंग से वाहन चलाने के कारण भी आए दिन हादसे हो रहे हैं। आदर्श चौराहे के रुप में स्थापित किए गए शहर के शहीद भगत सिंह चौराहे का भी बुरा हाल है। यहां पर न ही कोई ट्रैफिक सिपाही नजर आता है और न ही होमगार्ड। इसके चलते शहर में आए दिन हादसे हो रहे हैं। बीते लंबे समय से शहर की यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। समय-समय पर अधिकारियों द्वारा इसे पटरी पर लाने के लिए प्रयास तो किए गए पर यह प्रयास गंभीरता के साथ नहीं हुए। इसके चलते नतीजा यह रहा कि अभी तक यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। इन दिनों सबसे यातायात व्यवस्था में आवारा जानवर सबसे अधिक बाधक बने हुए हैं। सड़कों पर डेरा जमाए रहने वाले यह जानवर वाहन चालकों के सामने परेशानी खड़ी कर रहे हैं। प्रशासन के पास इन जानवरों की समस्या से निपटने के लिए भी कोई ठोस योजना नहीं है जिसके चलते वाहन चालकों को इस परेशानी का सामना करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं वाहन चालकों की मनमानी और ट्रैफिक पुलिस का ढुलमुल रवैए के कारण भी यातायात व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व आदर्श चौराहे के रूप में स्थापित किए गए शहीद भगत सिंह चौराहे का हाल भी बुरा है। शुरुआत में यहां पर ट्रैफिक पुलिस के जवान पूरी लगन के साथ यातायात व्यवस्था संभालते हुए नजर आए पर कुछ समय बीतते ही फिर से सब कुछ पुराने ढर्रे पर लौट आया। अब हालत यह है कि यहां पर न तो कोई ट्रैफिक पुलिस का जवान नजर आता है और न ही कोई होमगार्ड। इसके चलते वाहन चालक भी अपनी मनमानी करते हैं। गलत तरीके से वाहन चलाने के कारण यहां पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके साथ ही शहर में हादसों में भी काफी इजाफा हो रहा है। कुल मिलाकर यातायात व्यवस्था पूरी तरह धड़ाम हो चुकी है और इसे संभालने में प्रशासन बेबस नजर आ रहा है।






Leave a comment