25orai09उरई। रामपुरा पुलिस की लापरवाही की वजह से छह दिनों से लापता युवक के घरवाले रो-रोकर हलकान हैं। लेकिन उन्हें यह कहकर थाने से दुत्कारा जा रहा है कि पुलिस चुनाव में बिजी है, ज्यादा सिर खाने की जरूरत नही है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के बहराई गांव का निवासी राजू (30वर्ष) पुत्र रमेश 20 जनवरी को रात लगभग साढ़े आठ बजे गांव से रामपुरा आते समय लापता हो गया था। जब वह मानपुरा से गुजर रहा था उस समय उसकी पत्नी जो कि बच्चों को पढ़ाने के लिए किराये के कमरे में रामपुरा रहती है का फोन उसके पास आया था। पत्नी ने बताया कि इसके बाद उनका कोई पता नही चला।
21 जनवरी को मामले की जानकारी रामपुरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी में सूचना तो लिख ली लेकिन उसका पता लगाने के लिए हाथ-पैर हिलाने की जहमत नही उठाई। 22 जनवरी को धूता के पास पुल के नीचे फंसे हैलमेट को देखकर गांव वालों ने पुलिस को सूचित किया। जिस पर जाल डाला गया और 23 जनवरी को टीहर पुल के पास बहकर पहुंची उसकी बाइक भी बरामद हो गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि राजू घटना के समय नहर में गिरकर डूब गया है। ध्यान रहे कि राजू दिल्ली में मजदूरी करता था और 15 जनवरी को घर आया था। 20 जनवरी को वह रेढ़र क्षेत्र में एक पार्टी में शामिल हुआ। इसके बाद वह बाइक से अपने गांव के एक आदमी को छोड़ने गया और लौटते समय उसके साथ हादसा हो गया।
राजू के पिता और दो छोटे भाई भी उसके भरोसे थे। उसके अपनी संतानों में भी एक लड़का और एक लड़की है। इसकी वजह से डूब कर उसकी मौत के अंदेशे के बाद उसके घरवाले बुरी तरह व्यथित हैं। उसके पिता का कहना है कि अगर वह डूब गया है तो उसके शव की बरामदगी जल्दी होना जरूरी है वरना जानवर शव को चट कर जायेगें और उसके बेटे की कोई निशानी उसे नही मिल पायेगी। इस दर्दनाक आरजू को सुनकर पत्थर दिल भी पसीज जाये लेकिन रामपुरा पुलिस पर इसका कोई असर नही हो रहा। उसकी पत्नी, भाइयों व बच्चों का भी बुरा हाल है।

Leave a comment