उरई। आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नही खुला तब अंदेशा होने पर घर वाले किसी तरह भीतर दाखिल हुए जहां उन्हें उसका शव झूलता हुआ दिखा।
कोटरा थाने के ऐंधा गांव निवासी विजय कुमार अहिरवार (40वर्ष) पुत्र रामनारायण का शव गुरुवार को सुबह उनके कमरे में फांसी पर झूलता मिलने के बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों के मुताबिक विजय कुमार के पास मात्र 2 बीघा खेती थी लेकिन उसने नगद पर दूसरे किसानों की काफी जमीन जोत रखी थी। इसके लिए उसने 60 हजार रुपये का बैंक कर्जा और कई लोगों से निजी कर्जा लिया था।
अपनी खेती में विजय ने मटर बोया था। लेकिन नोट बंदी के बाद मटर का भाव इतने नीचे गिर गया कि लागत वसूल होने की भी उम्मीद नही रही। कर्जा चुकाने की बात तो दूर परिवार में खाने तक के लाले पड़ने लगे। इस कारण कई दिन से विजय कुमार अवसाद की हालत में था। अनुमान है कि इसी के चलते उसने खुदकुशी कर ली। अपर जिला मजिस्ट्रेट आरके सिंह ने बताया कि किसान की आत्म हत्या के कारण की जांच कराई जा रही है। इसके बाद उसके परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास प्रशासन द्वारा किया जायेगा।

Leave a comment