उरई। 20 जनवरी से लापता रामपुरा थाने के बहराई गांव के निवासी युवक राजू याज्ञिक (30वर्ष) का शव गुरुवार को धूता के पुल के पास नहर में बरामद हो गया है। जानवर चराने गये ग्रामीणों ने शव दिखने पर पुलिस को सूचना दी। बाद में राजू के परिजनों ने उसकी शिनाख्त कर ली।
गौरतलब है कि 20 जनवरी को रात साढ़े आठ बजे मोटर साइकिल से गांव से रामपुरा जाते समय राजू मानपुरा के पास लापता हो गया था। उसकी पत्नी के मुताबिक जब उसने मोबाइल पर आखिरी में उनसे बात की थी तब उन्होंने बताया था कि वे मानपुरा तक आ गये हैं और कुछ ही देर में घर पहुंच जायेंगे।
21 जनवरी को ही राजू के पिता रमेश याज्ञिक ने उसकी गुमशुदगी की सूचना रामपुरा थाने में दर्ज करा दी थी। इस बीच 22 जनवरी को नहर में उसका हैलमेट मिला तब पुलिस ने अगले दिन जाल डलवाया जिसमें उसकी मोटर साइकिल भी धूता पुल के पास ही मिली थी। लेकिन उसका शव न मिलने से घरवाले बदहवास थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि राजू की मौत नहर में गिरकर डूब जाने से हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






Leave a comment