उरई। महान दल ने रविंद्र सिंह (राजावत) मुन्ना को माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की उम्मीदवारी के लिए अधिकृत करने की घोषणा कर दी है। पूर्व विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि वे अब स्वयं चुनाव न लड़कर मुन्ना को जिताने के लिए कार्य करेंगे। माधौगढ़ क्षेत्र के प्रमुख मास लीडर माने जाने वाले मुन्ना की प्रत्याशिता से चैकाने वाले चुनाव परिणाम का अनुमान जाहिर किया जाने लगा है।
शुक्रवार को रविंद्र सिंह मुन्ना के आवास पर महान दल के जिला प्रभारी शेष नारायण ने उन्हें उम्मीदवार बनाने की घोषणा करके सभी अटकलों का अंत कर दिया। इसके पहले जालौन के नगर पालिकाध्यक्ष गुलाब सिंह जाटव सहित कई अन्य लोगों ने महान दल के टिकट से माधौगढ़ क्षेत्र में चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर की थी। इसके चलते महान दल किसे उम्मीदवार अधिकृत करता है इस पर सभी की निगाहें टिक गईं थीं।
कुशवाहा, मौर्य, शाक्य आदि गोत्रों में बटी बिरादरी को मूलाधार बनाकर महान दल को सामाजिक परिवर्तन के नाम पर गठित किया गया था। जिसने पिछले चुनाव में प्रमुख दलों के समीकरण बिगाड़कर काफी सुर्खियां बटोरी थीं। महान दल का दमखम अभी भी चुका नही है। यही वजह है कि महान दल के टिकट के तलबगारों की लंबी कतार लग गई थी। ऐसे में महान दल ने कुशवाहा-क्षत्रिय की नई लामबंदी से माधौगढ़ क्षेत्र में नया इतिहास लिखने की व्यूह रचना करते हुए रविंद्र मुन्ना को अपना उम्मीदवार घोषित कर दूर का पांसा फेका है। माधौगढ़ क्षेत्र से किसी प्रमुख दल ने क्षत्रिय बिरादरी का प्रत्याशी घोषित नही किया है जिसके कारण यह बिरादरी भी अस्तित्व प्रदर्शन के लिए छटपटा रही है। मुन्ना समर्थक इसका पूरा लाभ उन्हें मिलने की उम्मीद संजोये हैं।
रविंद्र सिंह मुन्ना ने महान दल से लड़ने के मिले अवसर को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक परिवर्तन की धारा को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया जा सकेगा। इस अवसर पर सरावन निवासी पप्पू राजा, जिला पंचायत सदस्य मुकेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष श्यामाचरण कुशवाहा, बुंदेलखंड अध्यक्ष कृष्ण नारायण कुशवाहा, राजेश कुमार कुंडऊ, अवधेश कुशवाहा, अनिल मिश्रा, टिन्नू महाराज मिहौना, महाराज सिंह कुशवाहा आदि मौजूद रहे।






Leave a comment