कोंच-उरई । बसपा के जिला प्रभारी संजय गौतम ने भाजपा को सांम्प्रदायिक और सपा-कांग्रेस गठबंधन को अवसरवादी करार देते हुये कहा कि सूबे में अबकी दफा बसपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है क्योंकि जनता इन फिरकापरस्त और अवसरवादी ताकतों से ऊब चुकी है और परिवर्तन की आंधी बह रही है। उन्होंने दावा किया है कि आसन्न विधानसभा चुनाव में बसपा को ऐंटी इंकम्बेंसी का फायदा मिलेगा और जिले की तीनों सीटों पर उसके प्रत्याशी कब्जा करने जा रहे हैं। नव नियुक्त जिला प्रभारी संजय गौतम ने ग्राम पडऱी में प्रधान राजकिशोर श्रीवास के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुये यह बात कही।
बसपा हाईकमान द्वारा जिला प्रभारी नियुक्त किये जाने के बाद यहां ग्राम पडऱी में आये संजय गौतम ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के मुखिया द्वारा हाल में की गई नोटबंदी से आम जनता हलकान रही है और अभी भी सामान्य स्थिति बहाल होने में सालों का वक्त लगेगा। जनता भाजपा को सबक सिखाने का पूरा मन बनाये बैठी है। कांग्रेस के घोटाले और भ्रष्टïाचार जग जाहिर है और सपा के राज में यूपी में सड़कों पर अराजकता ने तांडव किया है। उन्होंने कांग्रेस-सपा गठजोड़ को मौकापरस्ती बताते हुये कहा है कि ये दल जनता को अब और गुमराह नहीं कर सकते हैं। इस सवाल पर कि जनता आखिर क्यों बसपा को वोट दे, गौतम ने कहा कि बहिन मायावती जनता की परखी हुई हैं और उनके शासन में ही जनता खुद को पूरी तरह महफूज मानती है। उन्होंने यह भी कहा कि महान दल और लोक सेवा दल जैसी पार्टियों के मैदान में आने से भाजपा को भारी नुकसान होने बाला है इसलिये जनता के सामने सबसे उम्दा विकल्प अब बसपा ही है। इस दौरानविवेक चौधरी उरई, अशोक भारती, बलवीर पडऱी, दीपू श्रीवास, बलवीर अहिरवार, मनोज वर्मा, सतीशचंद्र आदि मौजूद रहे।

Leave a comment