उरई। दो महीने तक जालौन में चले रेल लाओ आंदोलन की यादें विधानसभा चुनाव में सिर उठा रहीं हैं। जिससे भाजपा उम्मीदवार को परेशानी हो सकती है।
कांग्रेस नेता गौरीश द्विवेदी ने गत् वर्ष जालौन क्षेत्र में रेल कनेक्टविटी के लिए क्रमिक अनशन छेड़ा जो बाद में आमरण अनशन की परिणति तक पहुंच गया था। यह ऐसा जज्बाती मुददा बन गया था कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता भी इसमें कंूद पड़ने को मजबूर हो गये थे। दूसरी ओर सांसद भानुप्रताप वर्मा ने शाश्वत अन्यमनस्कता के अपने चरित्र के अनुरूप तत्काल इस मामले को संभालने की कोई कोशिश नही की। जिससे चिंगारी दावानल में बदल गई और यह आंदोलन उनके नाकारेपन के खिलाफ जनरोष के भड़कने का पर्याय बन गया।
किसी सांसद के खिलाफ उसके निर्वाचन क्षेत्र में इतना लंबा आंदोलन नही चला था। सो भाजपा हाईकमान को भी इसे गंभीरता से लेना पड़ा। नतीजतन सीनियर मोस्ट सांसदों में होने की वजह से उन्हें जो लालबत्ती मिलनी थी वह उनके पास तक पहुंचने के पहले ही छिन गयी।
चुनाव के नजदीक गौरीश और उनके साथी इस मुददे को नये सिरे से सुलगाने की कोशिश में जुट गये हैं। खासतौर से नये बजट में इसका जिक्र न आने से जबकि भानु वर्मा ने आंदोलन के समय अनशन स्थल पर जाये बिना यह पैगाम भिजवाया था कि उन्होंने जालौन क्षेत्र की जनभावनाओं को ध्यान में रखकर संसद में इस मुददे को जोरदार तरीके से उठाया है जिसके बाद सरकार ने अगले बजट में जालौन में रेल पटरी बिछवाने का आश्वासन दिया है। अब जबकि छूंछा बजट आ गया है तो सांसद भानु वर्मा स्पष्टीकरण देने के बजाय इस मामले में चुप्पी लगाकर चोर मानसिकता का परिचय देने में लगे हैं।
नतीजतन भाजपा कार्यकर्ता इस अंदेशे से पीड़ित हो रहा है कि कहीं उनके खिलाफ लोगों की नाराजगी के दोबारा हरी होने का खामियाजा विधानसभा चुनाव में गौरी शंकर वर्मा को न उठाना पड़ जाये। हालांकि गौरी शंकर के पक्ष में एक अच्छी बात यह है कि सांसद भानु वर्मा और उनके बीच अदावत जग जाहिर है। सभी जानते हैं कि पार्टी ने उनका टिकट सांसद भानु वर्मा की नाराजगी के बावजूद किया है।
फिर भी एतिहात के तौर पर गौरी शंकर का खेमा अपने चुनाव अभियान से सांसद को दूर रखे जाने के पक्ष में तांकि उनके प्रति निगेटिविटी से अपने को बचा सकें। शायद पार्टी की ओर से भानु वर्मा को इसका इशारा भी हो चुका है इसलिए भानु वर्मा जिले में चुनावी सीन से अभी तक अपने को अंर्तध्यान सा किये हुए हैं।





Leave a comment