0 टीहर में हुई डकैती की वारदात में इसी गिरोह के शामिल होने का शक
0 लगातार कांबिंग में जुटी पुलिस, कई जगहों पर देखे जा चुके हैं बदमाश
उरई। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर से जिले के चंबलों में दस्यु गिरोह ने अपनी आमद दर्ज करा दी है। इन दिनों रामपुरा के जंगलों में दस्यु गिरोह द्वारा डेरा डाले जाने की खबरें आ रही हैं। इन बदमाशों को कई ग्रामीणों ने देखा भी है। बीते दिनों रामपुरा के टीहर में शिक्षक के घर हुई डकैती मामले में भी इसी गिरोह का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है। बदमाशों की तलाश में रामपुरा व गोहन थाने की पुलिस भी लगातार कांबिंग में जुटी है। वहीं दस्यु गिरोह की आमद से क्षेत्र में लोगों में दहशत व्याप्त है। करीब एक दशक से शांत पड़े जिले के चंबल में फिर से चहलकदमी शुरू हो गई है।
इन दिनों रामपुरा व गोहन के जंगलों में एक दस्यु गिरोह ने डेरा जमा रखा है। स्थानीय लोगों की मानें तो इस गिरोह में आधा दर्जन से अधिक बदमाश हैं जो रात के समय कई जगहों पर देखे गए हैं। बीते शुक्रवार की रात इन बदमाशों को देखा गया था। सूचना मिलने पर गोहन थानाध्यक्ष ने फोर्स के साथ बदमाशों की घेराबंदी करने का प्रयास भी किया पर वह इसमें सफल नहीं हो सके। दस्यु गिरोह की तलाश में रामपुरा, गोहन व अन्य थानों की पुलिस लगातार कांबिंग में जुटी है। करीब दो सप्ताह पूर्व रामपुरा के टीहर गांव में शिक्षक अनिल दीक्षित के घर हुई डकैती की वारदात में भी इसी गिरोह का हाथ होने की बात सामने आ रही है। शिक्षक के घर डकैती के दौरान आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों की बेरहमी से पिटाई करके सभी सदस्यों को मरणासन्न स्थिति में पहुंचा दिया था और बाद में कई राउंड फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले थे। इसके बाद से ही क्षेत्र में लोगों में दहशत व्याप्त है। अब इस गिरोह की चहलकदमी गोहन रामपुरा के बाद गोहन के जंगलों में भी देखने को मिली है। इससे बीहड़ पट्टी के गांवों के लोग दहशत में हैं और हमेशा वारदात होने का अंदेशा बना रहता है। विधानसभा चुनाव सिर पर है मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए दिन रात एक किए है। ऐसे में इस दस्यु गिरोह की आमद होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है जिससे निपटने के लिए पुलिस दिन-रात एक किए है। हालांकि अभी तक बदमाशों को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने अपने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है और जल्द ही इन बदमाशों तक पहुंचने में सफलता भी मिलने की उम्मीद है। इस बारे में गोहन थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व कुछ संदिग्ध लोगों के क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली थी जिसके बाद उन संदिग्ध लोगों की घेराबंदी भी की गई। हालंाकि पुलिस को कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी गिरोह को सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा। अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इनसेट…
चुनाव में भी गड़बड़ी कर सकता है गिरोह
बीहड़ पट्टी के क्षेत्रों में दस्यु गिरोह की चहलकदमी पुलिस के लिए सिरदर्द बना है अगर जल्द ही इस गिरोह पर कार्रवाई न की गई और गिरोह खत्म न किया गया तो विधानसभा चुनाव में प्रशासन को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यह गिरोह मतदान के दौरान गड़बड़ी भी कर सकता है।





Leave a comment