उरई। सड़क निर्माण करने वाली फर्म के मालिक की डीजल भुगतान की चैक की रकम अपने खाते में डलवाकर उसका कर्मचारी फरार हो गया। जानकारी होने पर ठेकेदार ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
चुर्खी रोड का निर्माण आगरा की एक फर्म करा रही है। ठेकेदार सत्यपाल सिंह के अंडर में आगरा का ही रामकुमार त्यागी मेट है। ठेकेदार कालपी रोड स्थित जय शिवशंकर फिलिंग स्टेशन से उधार डीजल लेता था। हिसाब चुकता करने के लिए गत दिनों उसने रामकुमार त्यागी को 51 हजार की चैक जय शिवशंकर फिलिंग स्टेशन के लिए दी। लेकिन हेराफेरी करके रामकुमार त्यागी ने यह चैक अपने खाते में कैश करा ली। बाद में जब जय शिवशंकर फिलिंग स्टेशन का तगादा सत्यपाल सिंह के पास पहुंचा तो उसने रामकुमार त्यागी को फोन किया लेकिन उसका फोन स्विचआॅफ हो चुका था। दो-तीन दिन तक ट्राई करने के बावजूद जब उसका फोन नही खुला तो सत्यपाल सिंह को मालूम हो गया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। उन्होंने हारकर कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने फिलहाल तो कोई कार्रवाई नही की है। लेकिन जबानी जमा खर्च में वे जरूर यह भरोसा दिला रहे है कि अगर ठेकेदार की बात सही हुई तो मेट को कानून से नाप देंगे।







Leave a comment