0 सीसीटीवी कैमरों में कैद बदमाशों को पकड़ना पुलिस के लिए बना चुनौती
0 शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
उरई। छोटे-छोटे गुडवर्क करके अपनी पीठ थपथपाने की आदी हो चुकी उरई कोवताली पुलिस को डकैती कांड का खुलासा करने में पसीने छूट रहे हैं। हालत यह है कि घटना के बाद से ही जांच की दिशा तय हो जाने और बदमाशों की तस्वीर उपलब्ध होने के चार दिन बाद अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। वहीं घनी आबादी व पाश इलाके में हुई इस जघन्य वारदात को लेकर शहरियों में सुरक्षा को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या पुलिस का खुफिया नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है? या फिर फीलगुड के चक्कर में पुलिस इतनी मदमस्त हो गई कि उसे बदमाशों की जानकारी रखना और सूचनाएं देने वाले सूत्रों का ख्याल ही नहीं रहा जिसका नतीजा यह है कि अब इस बड़ी वारदात का खुलासा करने में पुलिस हांफती हुई नजर आ रही है।
बीती बुधवार की रात उरई के मोहल्ला सुभाष नगर में सर्राफा व्यापारी राजीव महेश्वरी के घर पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने सरेशाम धावा बोल दिया था और घर में रखी नकदी व लाखों रुपए कीमत के जेवरात लूट ले गए थे। मजे की बात तो यह है कि बदमाशों ने जिस जगह पर डकैती की इस वारदात को अंजाम दिया था उससे चंद कदम की दूरी पर ही महिला थाना और डिप्टीगंजी चौकी भी है। घने इलाके और पुलिस की नाक के बीच बदमाश अपने काम को अंजाम देने में सफल हो गए थे। वारदात के दौरान बदमाशों की तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। वारदात के पहले दिन से ही पुलिस ने इन फुटेजों को अपने कब्जे में ले लिया था पर चार दिन बीत चुके हैं और पुलिस अभी तक इन बदमाशों को गिरफ्तार करना तो दूर इनकी ठीक ढंग से पहचान तक नहीं कर पाई है। छोटे-छोटे गुडवर्क को बड़ा-बड़ा दिखाकर अपनी पीठ थपथपाने की आदी हो चुकी उरई कोतवाली पुलिस को डकैती कांड का ख्ुालासा करने में पसीने आ रहे हैं। कारण यह है कि खाऊ-कमाऊ नीति के चलते पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है और पुलिस के पास बदमाशों से संबंधित सूचनाएं भी पुलिस को नहीं मिल पा रही हैं। इसी का नतीजा है कि बदमाशों की तस्वीर सामने होने के बाद भी चार दिन बाद पुलिस के हाथ खाली हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब बदमाशों की तस्वीर हाथ में होने पर पुलिस का यह हाल है अगर घर में सीसीटीवी कैमरे न लगे होते और बदमाशों की तस्वीर न मिल पाती तो फिर पुलिस का क्या हाल होता? बहरहाल इस पूरे मामले में उरई कोतवाली पुलिस की जमकर फजीहत हो रही है। हालांकि पुलिस अधिकारी मामले का जल्द खुलासा होने का दावा तो कर रहे हैं पर उनके इस दावे में कितना दम है यह आने वाले दिनों में ही पता चल पाएगा।





Leave a comment