0 बसपा नेताओं ने बिना परमीशन के आयोजित की बैठकें
0 कोंच कस्बे के अलावा कैलिया में हुई बैठकों में पार्टी के जोनल कोऑर्डीनेटर रहे मौजूद
कोंच-उरई। पिछले दिनों कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा सपा-कांग्रेस की संयुक्त बैठक यहां किये जाने में प्रत्याशी समेत कांग्रेस और सपा के दर्जन भर बड़े नेताओं सहित सैकड़ा भर लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कोतवाली कोंच में रिपोर्ट लिखे जाने के बाद अब बसपा द्वारा आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। बसपा के जोनल कोऑर्डीनेटर तिलक चंद्र अहिरवार समेत तमाम बसपा नेताओं ने कोंच और कैलिया में बिना अनुमति के सभायें कर आचार संहिता का मखौल उड़ाया है।
गौरतलब है कि गुजरी 30 जनवरी को सपा-कांग्रेस की चुनावी बैठक हुई थी जिसमें जांच के बाद 6 फरवरी को दर्जन भर नामजद सहित सैकड़ा भर लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन में एफआईआर दर्ज किये जाने के बाद अब बसपा भी आचार संहिता तोडने में फंस गई है। बसपा के जोनल कोऑर्डीनेटर तिलक चंद्र अहिरवार की मौजूदगी में कोंच के मोहल्ल गोखलेनगर स्थित डॉ. बीआर अंबेडकर स्कूल में मंगलवार को एक बैठक बिना परमीशन के आहूत की गई थी जिसमें तकरीबन सैकड़ा भर लोग मौजूद थे। इसके बाद उसी दिन ग्राम कैलिया में भी बड़ी सभा माइक लगा कर की गई थी जिसमें भी लगभग सौ से लेकर डेढ सौ की संख्या तक लोग मौजूद रहे। आरओ माधौगढ से जानकारी करने पर बताया गया कि दोनों ही बैठकों की पूर्वानुमति नहीं ली गई है। एसडीएम कोंच मोईन उल इस्लाम का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। अगर आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जायेगी।







Leave a comment