उरई : मोहल्ला उमरारखेड़ा में बुधवार दोपहर ट्रैक्टर से चलने वाली आटा चक्की फट गई। पत्थर के पाट उछल कर वहां खेल रहे बच्चों को लगे। गंभीर चोट लगने से एक पांच साल की बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसका आठ साल का भाई व एक अन्य बालक बुरी तरह से घायल हुए। घटना के चलते वहां चीख पुकार मच गई। घायल बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

मोहल्ला उमरारखेड़ा निवासी मेवालाल घर के बाहर ट्रैक्टर से मोबाइल चक्की चला रहे थे। स्पीड अधिक होने के कारण चक्की के पाट अचानक फट गए। एक पत्थर उछल कर वहां खेल रहे बच्चों को गोली तरह लगा। सिर में चोट लगने से मेवालाल की पांच साल की बेटी दीक्षा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई मोहित (8) एवं पड़ोसी सुल्तान ¨सह का सात साल का बेटा अंकित बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे का मंजर देख वहां लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना देने के बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां से दोनों बच्चों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के चलते मोहल्ले में मातम का माहौल है। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment