0 प्रेक्षक ने चुनाव में लगे अधिकारियों की कक्षा लगा पढाया आचार संहिता का पाठ
0 बल्नरेबुल बूथों का वेव कास्ट की व्यवस्था करने का दिया निर्देश
konch1 konch2कोंच-उरई। माधौगढ विधान सभा के चुनाव प्रेक्षक ने आज इलाके का गहन भ्रमण किया और तमाम अति संवेदनशील व संवेदनशील बूथों का दौरा किया। जहां जहां खामियां नजर आईं उन्हें दूर करने के निर्देश दिये। इससे पहले उन्होंने तहसील सभागार में चुनाव कार्य में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेटों व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें चुनाव आचार संहिता का पाठ पढाया, साथ ही सेक्टर प्रभरियों को निर्देश भी दिये कि प्रत्याशियों की गाडियों को भी वे चेक कर सकते हैं और यदि कहीं आचार संहिता के उल्लंघन जैसी स्थिति दिखे, तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने यह भी कहा कि एक गाड़ी में सिर्फ एक ही झंडा लगेगा, दो झंडे लगाने पर हो सकती है कार्यवाही। उन्होंने कहा कि बल्नरेबुल बूथों पर वेव कास्टिंग की व्यवस्था करायें।
माधौगढ विधान सभा के चुनाव प्रेक्षक हिमांचल कैडर के आईएएस अधिकारी डॉ. अजयकुमार शर्मा ने गुरुवार को इलाके का गहन दौरा किया। उन्होंने घुसिया, महंतनगर, अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज, कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज, एसआरपी इंटर कॉलेज आदि बूथों का गहनता से निरीक्षण कर उनमें देखी गई कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिये। यहां तहसील सभागार में उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चुनाव दौरान आचार संहिता की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। नियमतः एक गाड़ी पर केवल एक ही झंडा वह भी निर्धारित साइज का लग सकेगा, एक से ज्यादा झंडों पर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को वोटिंग के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिये इसलिये बूथों पर नजर रखें और सुनिश्चित करें कि वहां बिजली पानी या टॉयलेट सहित अन्य जरूरी सुविधायें हैं कि नहीं, यदि कहीं कोई कमी दिखे तो तत्काल उसे दूर किया जाये। अगर कहीं पानी आदि की व्यवस्था नहीं है तो वहां वैकल्पिक व्यवस्थायें कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को नोटा विकल्प के बारे में पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई जाये, महिलाओं और दिव्यांगों को मतदान जरूर करने के लिये प्रेरित करें।
प्रेक्षक ने निर्देश दिये कि बिना परमीशन के वाहन कतई नहीं चलेंगे, अगर कहीं पार्टियों की रैली आदि है तो वहां भी झुंड में गाडियां नहीं चलेंगीं, गाडियों पर झंडे वैनर नहीं होने चाहिये और जिन गाडियों की परमीशन है उन पर भी केवल एक ही झंडा लगेगा वह भी निर्धारित साइज का, एक से ज्यादा झंडे कतई नहीं लगेंगे, ऐसी स्थिति में आचार संहिता का उल्लंघन माना जायेगा और नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने अपने इलाकों में वाहनों की चेकिंग भी कर सकेंगे और संदिग्ध स्थितियों में समुचित कार्यवाही भी सुनिश्चित करायेंगे। मतदान दिवस पर मतदाता वोट डाल कर सीधा घर जायेगा, किसी भी प्रकार का जमावड़ा नहीं लगायेगा और न ही चुनावी चर्चायें करेगा। रात दस से सुबह छह बजे तक किसी भी प्रकार का जनसंपर्क नहीं किया जा सकेगा। इसके बाद प्रेक्षक नदीगांव बैल्ट के बूथों के निरीक्षण के लिये निकल गये। इस दौरान अपर मुख्य अधिकारी अरुण सिंह, एसडीएम मोईन उल इस्लाम, सीओ नवीन कुमार नायक, तहसीलदार भूपाल सिंह, कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी, कैलिया एसओ वीरेन्द्र सिंह, नदीगांव एसओ प्रमोदकुमार आदि मौजूद रहे।
बूथों की कमियां हो रही हैं दुरुस्त
konch3मतदान की तिथि 23 फरवरी के लिये जारी उल्टी गिनती के बीच पोलिंग बूथों के कील कांटों को दुरुस्त करने के काम में भी तेजी आ गई है। कई बूथों में कमरों की टूटी खिड़कियों को ठीक कराने के एसडीएम के निर्देशों पर स्कूल प्रशासनों ने गंभीरता से लेकर इन कमियों को समय से दुरुस्त कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। यहां कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज के कुछ बूथों में खिड़कियां नहीं होने की शिकायत मिली थी जिसे लेकर प्रधानाचार्या मिथलेश नगाइच ने नई खिड़कियां लगवाने का काम शुरू कर दिया है।

हटवाये जायेंगे चुनाव चिन्हों से मिलते जुलते निशान
konch4चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिन बूथों पर चुनाव निशानों से मिलते जुलते चिन्ह बने हैं उन्हें हटवाया जा रहा है। चुनाव प्रेक्षक द्वारा बूथों के निरीक्षण के दौरान ऐसा ही एक मामला एसआरपी इंटर कॉलेज के पोलिंग स्टेशन पर आया है जिसमें गेट पर स्कूल के नाम के आजू बाजू भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल पाया गया। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने बताया है कि यह मामला उनके संज्ञान में है और चूंकि यह सीमेंट से बनवाया गया है लिहाजा इसे ढकवाया जायेगा।

Leave a comment