उरई । जिला मुख्यालय की उरई सदर सुरक्षित सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र कठेरिया को आज एक बड़ी राहत मिली । उनकी पार्टी के बागी प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक दयाशंकर वर्मा ने अपना पर्चा वापस ले लिया है । इस अवसर पर उन्होने अपने को सपा का बफादार सिपाही बताते हुए पार्टी हाई कमान की मंशा के अनुरूप चुनाव मे महेंद्र कठेरिया को जिताने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करने की बात कही ।
नामांकन के आखिरी दिन पार्टी द्वारा उनका नाम काट कर महेंद्र कठेरिया की उम्मीदवारी की पुष्टि के बाद नाराज सदर विधायक दयाशंकर वर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार के बतौर अपना पर्चा भर दिया था । उनसे जुड़े सपा के कई प्रमुख नेताओ और कार्यकर्ताओ के सामने इन हालातो ने धर्म संकट की स्थिति बना दी थी जिससे महेंद्र कठेरिया का चुनाव अभियान रफ़्तार नहीं पकड़ पा रहा था । कठेरिया ने पार्टी मे ऊपर इसकी खबर भेजी जिसके चलते हालातो को उनके पक्ष मे मेनेज करने की कवायद आनन फानन मे हुई और इसके बाद दयाशंकर वर्मा द्वारा नाम वापसी की जाने की भूमिका तैयार कर ली गई । सपा के जिलाध्यक्ष वीरपाल दादी ने दयाशंकर को पार्टी हाइकमान के कड़े रुख के के बारे मे आबगत कराया तो दयाशंकर ढीले हो गए । नतीजतन दयाशंकर ने आज वीरपाल दादी , पार्टी के प्रदेश सचिव प्रदीप दीक्षित , पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेन्द्र मौखरी और विष्णुपाल सिंह नन्हु राजा के साथ कलेक्ट्रेट पहुच कर अपना पर्चा वापस ले लिया । इस दौरान पत्रकारों से दयाशंकर ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी मे है और रहेंगे । पार्टी अनुशासन को मानते हुए उन्होने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है और अब वे महेंद्र कठेरिया को जिताने के लिए मेहनत करेंगे ।






Leave a comment