उरई। पुलिस के लिए सिरदर्द बनी सर्राफा व्यापारी के यहां डकैती की वारदात मामले में पुलिस को आखिरकार सफलता हाथ लग ही गई है। सूत्रों की मानें तो इस मामले में चार बदमाशों को पकड़ लिया गया है जिनसे पूछताछ का दौर जारी है। जल्द ही इस मामले में खुलासा भी कर दिया जाएगा। सूत्रों से अब तक मिली जानकारी के अनुसार यह बदमाश भाड़े पर बुलाए गए थे और शहर के ही कुछ प्रतिष्ठित लोगों द्वारा इस डकैती की वारदात को अंजाम दिलाया गया था। इस मामले में कई प्रतिष्ठित लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इन नामों को दबाने के लिए सिफारिशों का दौर भी शुरू हो चुका है। अब देखना यह है कि पुलिस इन सिफारिशों को कितनी गंभीरता से लेती है? बीती 1 फरवरी की शाम तकरीबन सात बजे शहर के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी सर्राफा व्यापारी राजीव महेश्वरी के घर आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने घर में रखी लाखों रुपए की नकदी व जेवरात लूट लिए थे। बदमाशों की घर पर मौजूद सर्राफा व्यापारी राजीव महेश्वरी व अन्य परिजनों से हाथापाई भी हुई थी। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद हो जाने के बाद पुलिस इनकी पहचान करने में जुटी थी। आखिरकार एक सप्ताह बाद इस मामले में पुलिस को सफलता हाथ लग ही गई। पुलिस सूत्रों से आ रही जानकारी के मुताबिक अब तक चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इन बदमाशों ने इस डकैती कांड में शामिल होने की बात कबूली है। इनकी निशानदेही पर लूटा गया माल व नकदी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही माल व नकदी भी बरामद होने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो इस डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए शहर के ही कुछ प्रतिष्ठित लोगों ने भाड़े के बदमाश गैर जनपदों से बुलाए थे जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में कई नामचीन लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं जिन्हें बचाने के लिए लगातार सिफारिशों का दौर चल रहा है। हालांकि अभी तक तो पुलिस ने सिफारिश करने वालों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है। अब देखना यह है कि अगले कुछ घंटों में पुलिस कौन सा टर्न लेती है? अगर पुलिस ने सिफारिशें न मानीं तो कई नामचीन लोगों के चेहरे उजागर हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो इन नामचीन लोगों को बचाने के लिए पुलिस को तरह-तरह के प्रलोभन भी दिए जा रहे हैं। बदमाशों के पकड़े जाने के बाद संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार तक पुलिस इस मामले का खुलासा कर देगी। इस बारे में शहर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि डकैती की वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करके उनकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।






Leave a comment