
उरई। संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता आग की चपेट में आ गई। मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है और ससुरालजीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। युवती की मौत के बाद सर्किल के सीओ से लेकर थानराध्यक्ष व चौकी इंचार्ज तक मौके पर पहुंचे और उन्होंने छानबीन की। थाना सहार के ग्राम शाहबाजपुर निवासी रजनी देवी (25 वर्ष) की शादी दो वर्ष पूर्व गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ बब्लू सक्सेना के साथ हुई थी। शुक्रवार को रजनी संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसकी आग बुझाने का काफी प्रयास किया पर जब तक आग बुझती तब तक रजनी पूरी तरह जल चुकी थी। ससुरालीजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए ले जाने लगे इससे पूर्व ही नवविवाहिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। युवती की मौत के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता संतोष कुमार ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन उन पर अतिरिक्त दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर उन्होंने रजनी को आग के से जलाकर मार डाला। नवविवाहिता की मौत के बाद सीओ अवधेश कुमार शुक्ला, गोहन थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन मौके पर पहुंचे और छानबीन की। मृतका के पिता की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।







Leave a comment